CM yogi on UPITS 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो’ (UPITS) के चौथे संस्करण को लेकर प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं और उद्यमियों के नाम एक विशेष पाती (पत्र) लिखी है. यह भव्य आयोजन 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने जा रहा है.
सीएम योगी ने अपने संदेश में कहा कि वर्ष 2023 से शुरू हुआ यह ट्रेड शो राज्य के स्थानीय उत्पादों को वैश्विक मंच प्रदान करने की एक अभूतपूर्व पहल है, जो ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के सपने को साकार करने में मील का पत्थर साबित हो रहा है.
ODOC की क्रांतिकारी पहल(CM yogi on UPITS 2026)
मुख्यमंत्री ने अपनी पाती में बताया कि राज्य में डबल इंजन सरकार बनने के बाद रोजगार सृजन सबसे पहली प्राथमिकता थी. ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ (ODOP) और MSME सेक्टर के मजबूत ढांचे के माध्यम से प्रदेश में 4 करोड़ से अधिक रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं.
ODOP की ऐतिहासिक सफलता से प्रेरित होकर अब सरकार ने ‘एक जनपद-एक खाद्य पदार्थ’ (ODOC – One District One Cuisine) जैसी नई पहल की शुरुआत की है, जिससे स्थानीय खान-पान और संस्कृति को भी नई पहचान मिल रही है.
बीमारू राज्य से ‘उत्सव प्रदेश’ तक का सफर
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश को कभी ‘बीमारू राज्य’ की छवि के रूप में देखा जाता था, जिसे बदलकर ‘उत्सव और उद्योग प्रदेश’ बनाना एक बड़ी चुनौती थी. आज यूपी देश की अर्थव्यवस्था का मुख्य ग्रोथ इंजन बन चुका है, जहां वैश्विक निवेश का लक्ष्य ₹15 लाख करोड़ पार कर गया है.
उत्तर प्रदेश की देश के कुल निर्यात में भागीदारी ₹2 लाख करोड़ से अधिक हो चुकी है और देश-विदेश के दिग्गज निवेशक यूपी में निवेश करने के लिए आतुर हैं, जिससे युवाओं के लिए नौकरियों के नए दरवाजे खुल रहे हैं.
ये भी पढ़ें: CAG रिपोर्ट के बाद एक्शन में रेल मंत्रालय! स्टेशनों पर लगेंगे 20 हजार नए फिल्ट्रेशन सिस्टम, मिलेगा शुद्ध पानी
‘स्थानीय सामर्थ्य को पहुंचाएं वैश्विक बाजार तक’
ग्रेटर नोएडा में आयोजित हो रहे इस मेगा ट्रेड शो (CM yogi on UPITS 2026) का लाभ उठाने के लिए सीएम योगी ने युवाओं, विद्यार्थियों और नए उद्यमियों से विशेष अपील की है. उन्होंने आह्वान किया कि युवा इस मंच के जरिए नए व्यावसायिक संपर्क, नए बाजार और अपनी प्रतिभा के अनुरूप नए अवसर तलाशें.
उन्होंने संदेश दिया कि उत्तर प्रदेश के युवाओं के प्रयासों से ही राज्य का स्थानीय सामर्थ्य वैश्विक बाजार तक पहुंचेगा, इसलिए सभी को राज्य के इस औद्योगिक महाकुंभ में बढ़कर हिस्सा लेना चाहिए.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


