Bharat Express DD Free Dish

बांग्लादेश की जनता ने चुना नया ‘किंग’, जमात-ए-इस्लामी पस्त; जानें पूरा गणित

Bangladesh Election Results 2026: बांग्लादेश में हुए आम चुनाव के रिजल्ट आ चुके हैं. BNP ने 200+ सीटों पर जीत दर्ज की है. अब तारिक रहमान अगले प्रधानमंत्री होंगे. जनमत संग्रह में पीएम के लिए 2 कार्यकाल की सीमा तय कर दी गई है.

Bangladesh Election Results 2026 Tariq Rahman BNP

Bangladesh Election Results 2026: बांग्लादेश की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत हो चुकी है. 12 फरवरी 2026 को हुए ऐतिहासिक आम चुनावों के नतीजे और रुझान साफ इशारा कर रहे हैं कि जनता ने बदलाव पर मुहर लगा दी है. बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने प्रचंड बहुमत हासिल कर लिया है. पार्टी की इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही 17 साल के निर्वासन के बाद वतन लौटे तारिक रहमान का देश का अगला प्रधानमंत्री बनना तय माना जा रहा है.

BNP की ‘सुनामी’, जमात-ए-इस्लामी पस्त (Bangladesh Election Update)

300 सदस्यीय संसद के लिए हुए चुनाव में BNP ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है. शुरुआती नतीजों और रुझानों के मुताबिक, BNP गठबंधन 200 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करता दिख रहा है. पार्टी ने अकेले दम पर बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, BNP 185 से 209 सीटों के बीच जीत हासिल कर सकती है.

BNP की मुख्य प्रतिद्वंद्वी जमात-ए-इस्लामी और उसका गठबंधन महज 56 से 68 सीटों पर सिमटता नजर आ रहा है. वहीं, युवाओं के नेतृत्व वाली नई पार्टी ‘नेशनल सिटिजन पार्टी’ (NCP) को भी करारी शिकस्त मिली है और वह सिर्फ 5 सीटों के आसपास ही जीत सकी है.

कौन हैं नए ‘किंग’ तारिक रहमान? (Bangladesh Election Next PM)

बांग्लादेश की राजनीति के नए केंद्र बिंदु तारिक रहमान पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया और पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान के बेटे हैं. वे 17 साल तक निर्वासन में रहे और हाल ही में स्वदेश लौटे हैं. तारिक रहमान ने ढाका-17 और बोगरा-6, दोनों ही प्रतिष्ठित सीटों से शानदार जीत दर्ज की है. अपनी मां खालिदा जिया के निधन के बाद यह उनकी पहली बड़ी राजनीतिक परीक्षा थी, जिसमें उन्होंने न केवल पार्टी को एकजुट किया बल्कि सत्ता तक भी पहुंचाया.

दिग्गजों की जीत और उलटफेर (Bangladesh Leaders Election)

BNP के महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने ठाकुरगांव-1 सीट से 2 लाख से ज्यादा वोटों से जीत हासिल की. ढाका-11 सीट से नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) के संयोजक नाहिद इस्लाम ने BNP उम्मीदवार को हराकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई.

शेख हसीना का ‘खेल’ खत्म?

अगस्त 2024 में हुए जनविद्रोह और शेख हसीना सरकार के पतन के बाद यह पहला चुनाव था. अवामी लीग इस चुनाव से पूरी तरह नदारद रही, क्योंकि उसे चुनाव लड़ने से रोक दिया गया था. भारत में निर्वासित जीवन बिता रहीं शेख हसीना ने इस चुनाव को “धोखाधड़ी” करार दिया है, जबकि अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस ने इसे “लोकतंत्र की जीत” बताया है. चुनाव के साथ ही देश में एक अहम संवैधानिक जनमत संग्रह भी हुआ, जिसे जनता का भारी समर्थन मिला है. इसमें प्रमुख सुधारों पर मुहर लगाई गई.

  • प्रधानमंत्री के लिए दो कार्यकाल की सीमा
  • संसद को दो सदनों में बदलना
  • न्यायपालिका की स्वतंत्रता और मजबूती
  • चुनाव के समय तटस्थ अंतरिम सरकार का गठन
  • हिंसा के बीच लोकतंत्र का उत्सव

विस्फोट, झड़पें और मतपत्रों की लूट (Bangladesh Election Violence)

चुनाव के दौरान कई जगहों पर हिंसा की खबरें भी आईं. गोपालगंज में बम विस्फोट, खुलना में झड़पें और मतपत्रों की लूट की कोशिशें हुईं. इसके बावजूद, जनता का उत्साह कम नहीं हुआ. मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी गईं, और 50 लाख से ज्यादा नए मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया.

ये भी पढ़ें: सुबह की 5 आसान आदतें, सेहत रहेगी दुरुस्त और दिन रहेगा एनर्जेटिक

BNP ने अपनी जीत का दावा करते हुए विजय रैलियों पर रोक लगा दी है और शुक्रवार को विशेष नमाज अदा करने की अपील की है. अब सबकी नजरें नई सरकार के गठन और तारिक रहमान के शपथ ग्रहण पर टिकी हैं, जो बांग्लादेश को स्थिरता और विकास की नई राह पर ले जाने का वादा कर रहे हैं.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read