Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी बेल्जियम में गिरफ्तार, भारत ने शुरू की प्रत्यर्पण की प्रक्रिया

पंजाब नेशनल बैंक घोटाले का मुख्य आरोपी मेहुल चोकसी इलाज के लिए बेल्जियम गया था. इस दौरान बेल्जियम पुलिस ने मेहुल चोकसी को गिरफ्तार कर लिया है.

mehul choksi

पंजाब नेशनल बैंक (PNB) से जुड़े 13,850 करोड़ रुपये के लोन धोखाधड़ी मामले में फरार चल रहे हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को बेल्जियम में गिरफ्तार कर लिया गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीबीआई की अपील पर शनिवार को स्थानीय पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया. फिलहाल चोकसी बेल्जियम की एक जेल में बंद है और भारत सरकार ने उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

मुंबई की अदालत के दो गिरफ्तारी वारंट के आधार पर गिरफ्तारी (Mehul Choksi Arrested)

चोकसी को गिरफ्तार करते समय पुलिस ने मुंबई की एक अदालत द्वारा जारी किए गए दो गिरफ्तारी वारंटों का हवाला दिया, जो 23 मई 2018 और 15 जून 2021 को जारी किए गए थे. सूत्रों के अनुसार, चोकसी अपनी खराब सेहत का हवाला देते हुए जमानत और तत्काल रिहाई की मांग कर सकता है.

पत्नी के जरिए हासिल किया बेल्जियम का रेजिडेंसी कार्ड

रिपोर्ट्स के मुताबिक, चोकसी बेल्जियम में अपनी पत्नी प्रीति चोकसी के साथ रह रहा था, जिन्हें बेल्जियम की नागरिकता प्राप्त है. चोकसी ने 15 नवंबर 2023 को ‘F रेजिडेंसी कार्ड’ हासिल किया, जो उसकी पत्नी की नागरिकता के आधार पर दिया गया था. हालांकि, आरोप है कि इस दौरान चोकसी ने फर्जी दस्तावेज जमा किए और अपनी भारतीय और एंटीगुआ की नागरिकता को छुपाया, ताकि भारत प्रत्यर्पण से बच सके.

ये भी पढ़ें: पीएम मोदी ने दी उड़िया नववर्ष, विशु और बोहाग बिहू की शुभकामनाएं, बोले- नया साल आपके लिए खुशियां और समृद्धि लेकर आए

पहले एंटीगुआ-बारबूडा और फिर डोमिनिका पहुंचा था चोकसी

गौरतलब है कि चोकसी ने 2017 में ही एंटीगुआ-बारबूडा की नागरिकता ले ली थी और 2018 में भारत छोड़ दिया था. इसके बाद वह मई 2021 में डोमिनिका पहुंच गया, जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया. डोमिनिका की जेल में उसने 51 दिन बिताए. बाद में ब्रिटिश प्रिवी काउंसिल से राहत मिलने पर वह फिर से एंटीगुआ लौट गया.

भारत में जब्त हो चुकी हैं कई संपत्तियां

भारत में चोकसी की कई संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं. वह अदालत में पेश होने से अक्सर सेहत का हवाला देकर बचता रहा है और अधिकतर पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ही होती थी.

नीरव मोदी भी आरोपी, लंदन में चल रही प्रत्यर्पण कार्रवाई

चोकसी का भतीजा नीरव मोदी भी इस घोटाले में मुख्य आरोपी है और इस समय लंदन में प्रत्यर्पण कार्यवाही का सामना कर रहा है. दोनों ने मिलकर PNB से हजारों करोड़ की धोखाधड़ी की थी.

व्हिसलब्लोअर की चेतावनी – आसान नहीं होगा प्रत्यर्पण

PNB घोटाले के व्हिसलब्लोअर हरिप्रसाद एसवी ने चोकसी की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चोकसी को भारत लाना आसान नहीं होगा. उन्होंने कहा, “उसके पास पैसे की कोई कमी नहीं है. वह यूरोप के बेहतरीन वकीलों को हायर करेगा, जैसा कि विजय माल्या ने किया. भारत सरकार के लिए यह चुनौतीपूर्ण रहेगा, हालांकि उम्मीद है कि इस बार सफलता मिलेगी.”

मेहुल चोकसी की गिरफ्तारी भारत के लिए एक बड़ी कूटनीतिक और कानूनी जीत का पहला कदम हो सकती है. अब निगाहें इस पर टिकी हैं कि भारत सरकार उसे कब तक प्रत्यर्पित करा पाती है और क्या इस बार देश का सबसे बड़ा बैंकिंग घोटालेबाज़ कानूनी कार्रवाई का सामना कर पाएगा या फिर एक बार फिर कानूनी दांव-पेंच में उलझ कर मामला लंबा खिंच जाएगा.

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital