Jeffrey Epstein Photos Leaked: अमेरिकी राजनीति और पावर गलियारों में एक बार फिर ‘जेफ्री एपस्टीन’ नाम का जिन्न बाहर निकल आया है. कुख्यात अपराधी और यौन शोषण के आरोपी रहे एपस्टीन की मौत के सालों बाद अब उसकी संपत्ति से जुड़ी ऐसी तस्वीरें सामने आ रही हैं, जिन्होंने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है.
गुरुवार को अमेरिकी हाउस डेमोक्रेट्स ने 68 नई तस्वीरों का एक जखीरा जारी किया. ये तस्वीरें उस 95,000 तस्वीरों वाले विशाल कलेक्शन का हिस्सा हैं, जो पुलिस की फाइलों में नहीं थीं, बल्कि एपस्टीन की निजी विरासत से बरामद हुई थीं.
बड़े नामों की मौजूदगी ने बढ़ाई मुश्किलें
इन तस्वीरों में दुनिया की कई दिग्गज हस्तियों को एपस्टीन के साथ देखा जा सकता है. सबसे ज्यादा चर्चा माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स और मशहूर विचारक नोम चॉम्स्की की हो रही है. तस्वीरों में चॉम्स्की एक निजी विमान में एपस्टीन के बगल में बैठे दिख रहे हैं, वहीं बिल गेट्स एक ऐसी महिला के साथ पोज दे रहे हैं जिसका चेहरा सुरक्षा कारणों से धुंधला किया गया है.
इनके अलावा गूगल के को-फाउंडर सर्गेई ब्रिन, फिल्ममेकर वुडी एलन, न्यूयॉर्क टाइम्स के स्तंभकार डेविड ब्रूक्स और डोनाल्ड ट्रंप के पूर्व रणनीतिकार स्टीव बैनन की झलक भी इन तस्वीरों में मिली है. हालांकि, जांचकर्ताओं ने साफ किया है कि इन तस्वीरों में इनमें से कोई भी व्यक्ति किसी गैर-कानूनी गतिविधि में लिप्त नहीं दिख रहा है, लेकिन एपस्टीन जैसे अपराधी के साथ इनकी नजदीकी कई नैतिक सवाल खड़े कर रही है.
रूस-यूक्रेन के पासपोर्ट और लड़कियों की ‘डीलिंग’
तस्वीरों का यह बैच केवल मशहूर हस्तियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके काले पक्ष की ओर भी इशारा करता है. जारी किए गए दस्तावेजों में रूस, यूक्रेन, दक्षिण अफ्रीका और लिथुआनिया जैसे देशों के कई पासपोर्ट और आईडी कार्ड मिले हैं. इनमें से कई दस्तावेजों पर “महिला” लिखा है और पहचान छिपाने के लिए चेहरों को ब्लर किया गया है.
सबसे चौंकाने वाली चीज एक व्हाट्सएप चैट का स्क्रीनशॉट है. इसमें एक अज्ञात व्यक्ति लड़कियों की ‘भर्ती’ के बारे में बात कर रहा है. मैसेज में लिखा है, “मेरी एक दोस्त स्काउट है, उसने आज कुछ लड़कियां भेजी हैं, लेकिन वह हर लड़की के लिए 1000 डॉलर मांग रही है… शायद कोई J (जेफ्री) के लिए अच्छी हो?” यह चैट इस पूरे मामले के पीछे चल रहे घिनौने ह्यूमन ट्रैफिकिंग नेटवर्क की ओर इशारा करती है.
ये भी पढ़ें- हादी की मौत के बाद एक बार फिर सुलगा बंग्लादेश, लगे भारत विरोधी नारे
क्यों जारी की जा रही हैं ये तस्वीरें?
डेमोक्रेट्स का कहना है कि इन तस्वीरों को सार्वजनिक करने का मकसद उन रसूखदार लोगों को बेनकाब करना है, जिनका एपस्टीन के साथ गहरा संबंध था. साल 2019 में जेल में एपस्टीन की संदिग्ध मौत के बाद से ही उसके नेटवर्क को लेकर कई रहस्य बने हुए थे. इससे पहले भी जारी हुई फाइलों में पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन, डोनाल्ड ट्रंप और ब्रिटेन के प्रिंस एंड्रयू का नाम सामने आ चुका है.
इन तस्वीरों में कुछ महिलाओं के शरीर (पैर और सीने) पर लिखे गए रहस्यमयी मैसेज भी दिखे हैं, जो इस केस को और ज्यादा पेचीदा बना रहे हैं. डेमोक्रेट्स ने भरोसा दिलाया है कि वे धीरे-धीरे और भी सामग्री सार्वजनिक करेंगे, लेकिन पीड़ितों की गोपनीयता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है.
बता दें कि जेफ्री एपस्टीन की संपत्ति से मिली 68 नई तस्वीरें अमेरिका में जारी की गई हैं. इसमें बिल गेट्स, सर्गेई ब्रिन और नोम चॉम्स्की जैसे बड़े नाम शामिल हैं. साथ ही लड़कियों की डीलिंग से जुड़े चौंकाने वाले व्हाट्सएप चैट भी सार्वजनिक हुए हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


