Iraq close airspace
Israel strikes Iran: इजरायल के द्वारा ईरान पर हमला किए जाने के बाद 13 जून दिन शुक्रवार को जॉर्डन और इराक ने अपने हवाई क्षेत्र को बंद करने की घोषणा कर दी है. इसके अलावा सभी उड़ानों को रोक दिया गया है. जॉर्डन के द्वारा कहा गया है कि वो किसी भी हाल में अपने हवाई क्षेत्र के उल्लंघन की अनुमति नहीं देगा.
जॉर्डन के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने एक बयान जारी कर बताया कि राज्य का हवाई क्षेत्र अस्थाई रूप से बंद है और सभी विमानों के लिए हवाई यातायात सस्पेंड कर दिया गया है. प्राधिकरण ने आगे कहा कि क्षेत्र के हालातों को देखते हुए सभी प्रकार के विमानों की गतिविधियों को एहतियात के तौर पर रोक दिया गया है.
जॉर्डन नहीं देगा अपने हवाई क्षेत्र के उल्लंघन की अनुमति
सरकार के प्रवक्ता मोहम्मद मोमानी ने बताया कि जॉर्डन ने अपने हवाई क्षेत्र के उल्लंघन की अनुमति किसी को नहीं दी है और न ही देगा. उन्होंने कहा कि जॉर्डन किसी भी संघर्ष के लिए युद्ध का मैदान नहीं बनेगा.
बता दें कि, जॉर्डन और इजरायल बॉर्डर शेयर करते हैं. अक्टूबर 2024 में ईरान के द्वारा इजरायल पर दागे गई कई ड्रोन्स और मिसाइलों को जॉर्डन ने अपने क्षेत्र में घुसने से रोक दिया था.
इराक ने भी अपना हवाई क्षेत्र किया बंद
वहीं इराक ने भी अपने समाचार एजेंसी के हवाले से बताया कि परिवहन मंत्रालय ने इराक के हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया है और सभी इराकी हवाई अड्डों पर हवाई यातायात को निलंबित कर दिया है.
बता दें कि, 13 जून को इजरायल ने ईरान के अंदर घुसकर करीब 100 ठिकानों पर हमला किया. जिसमें ईरान को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा. इजरायल के इस हमले में ईरान के आर्मी चीफ मोहम्मद घावेरी मारे गए हैं. वहीं इस्लामिक रिवॉलूशनरी गार्ड के लीडर हुसैन सलामी की भी इजरायली हमले में मौत हो गई. ईरान के सरकारी टेलीविजन ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि इस हमले मं ईरान के शीर्ष नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई के सलाहकार अली शमखानी भी घायल हुए हैं.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



