Bharat Express DD Free Dish

18 केस, मोस्टवांटेड और डिपोर्ट…बाबा सिद्दीकी का हत्यारा अनमोल बिश्नोई लौट रहा भारत

Anmol Bishnoi News: अनमोल बिश्नोई पंजाब के फाजिल्का जिले का रहने वाला है. वह 2021 में जाली पासपोर्ट की मदद से भारत से फरार हो गया था. उसे आखिरी बार कैलिफोर्निया में देखा गया था.

Anmol Bishnoi News

Anmol Bishnoi News: गुजरात के साबरमती जेल में बंद गैंग्सटर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई और मोस्टवांटेड अनमोल बिश्नोई को अमेरिका ने प्रत्यर्पित कर दिया है. अनमोल बिश्नोई की कई हाई-प्रोफाइल आपराधिक मामलों में भारतीय एजेंसियों को तलाश थी. अनमोल बिश्नोई के प्रत्यार्पण को भारतीय एजेंसियों की बड़ी सफलता मानी जा रही है.

अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (डीएचएस) ने मंगलवार को मारे गए एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी के परिवार को सूचित किया कि बिश्नोई को 18 नवंबर, 2025 अमेरिका की धरती से निकाल दिया गया है. ऐसा माना जा रहा है कि बिश्नोई को भारत जाने वाले विमान में बैठा दिया गया है और वो आज बुधवार को दिल्ली पहुंच सकता है.

पंजाब के फाजिल्का का रहने वाला है अनमोल

अनमोल बिश्नोई पंजाब के फाजिल्का जिले का रहने वाला है. वह 2021 में जाली पासपोर्ट की मदद से भारत से फरार हो गया था. बताया जाता है कि वह पहले भारत से नेपाल गया, फिर दुबई और केन्या होते हुए अमेरिका पहुंच गया. उसे आखिरी बार अप्रैल 2023 में कैलिफोर्निया के बेकर्सफील्ड में एक कार्यक्रम में देखा गया था. इस साल जब डोनाल्ड ट्रंप ने अवैध घुसपैठियों को अमेरिकी धरती से बाहर निकालना शुरू किया, जो उसी सिलसिले में अनमोल भी पकड़ा गया. अब उसको अमेरिका से निकाल दिया गया है.

अमेरिका ने फर्जी पासपोर्ट मामले में किया था गिरफ्तार

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका के आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन ने अनमोल बिश्नोई को फर्जी पासपोर्ट के लिए हिरासत में लिया. जिसके बाद उसे आयोवा के पोटावाटामी काउंटी जेल भेज दिया गया.

ये भी पढ़ें- Gaza Plan: गाजा प्लान पर यूएन की मुहर से नेतन्याहू प्रसन्न, बोले ‘इससे शांति और समृद्धि आएगी,’ हमास ने कहा- हथियार नहीं डालेंगे

बाबा सिद्दीकी के बेटे ने दी जानकारी

बाबा सिद्दीकी के बेटे और कांग्रेस के पूर्व सांसद जीशान के हवाले से हिंदुस्तान टाइम्स लिखता है, “अनमोल बिश्नोई के अमेरिका में होने की जानकारी मिलने के बाद, हमने अमेरिका के विभिन्न विभागों में अपराध (मुंबई पुलिस के अनुसार, उनके द्वारा किए गए अपराध) के पीड़ितों के रूप में पंजीकरण कराया. हमें उनसे अनमोल बिश्नोई से संबंधित नियमित सूचनाएं मिलती रहती थीं, और 18 नवंबर को हमें (अमेरिकी) संघीय सरकार द्वारा सूचित किया गया कि उन्होंने अपराधी को अपनी ज़मीन से हटा दिया है”

जीशान ने कहा , “हम चाहते हैं कि मुंबई पुलिस उसे गिरफ्तार करे और मेरे पिता की हत्या और अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर हुई गोलीबारी के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए उससे पूछताछ करे. अनमोल एक भारतीय नागरिक है, इसलिए उसे भारत वापस लाया जाना चाहिए। वह समाज के लिए खतरा है.”

NIA ने मोस्टवांटेड किया है घोषित

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने अनमोल बिश्नोई को ‘मोस्ट वांटेड’ घोषित किया है. उसकी गिरफ्तारी में सहायक सूचना देने वाले को 10 लाख रुपये का इनाम देने की भी घोषणा की है.

बिश्नोई पर भारत में कम से कम 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या की साजिश भी शामिल है. जिनकी अक्टूबर 2024 में मुंबई में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read