नेपाल में दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर
Nepal Helicopter Crash: नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया. यहां लैंडिंग की कोशिश कर रहे दो हेलीकॉप्टरों के रोटर ब्लेड आपस में टकरा गए. इस दुर्घटना में एक विदेशी नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया. हादसा खुम्बू पासांग ल्हामू ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर-4 स्थित फेरिचे हेलीपैड पर हुआ.
सशस्त्र पुलिस बल के वरिष्ठ अधिकारी और सोलुखुम्बु जिले में तैनात डीएसपी सूरज पांडे ने आईएएनएस को बताया कि फिशटेल एयर और डायनेस्टी एयर के हेलीकॉप्टर सुबह करीब 8:15 बजे फेरिचे हेलीपैड पर उतरने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान दोनों हेलीकॉप्टरों के रोटर ब्लेड आपस में टकरा गए.
एक विदेशी नागरिक की मौत
डीएसपी सूरज पांडे के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में एक विदेशी नागरिक की मौत और एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की पुष्टि हुई है. हालांकि, मृतक और घायल की पहचान अभी नहीं हो पाई है. घायल व्यक्ति किस देश का नागरिक है, इसकी जानकारी भी जुटाई जा रही है.
स्थानीय मीडिया ने पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया कि घायल को प्राथमिक उपचार के लिए प्रभु एयर के हेलीकॉप्टर से लुकला ले जाया गया. पुलिस के मुताबिक, दोनों हेलीकॉप्टरों में कितने लोग सवार थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. हादसे के बाद घटनास्थल पर आग नहीं लगी.
हादसे की वजह का पता लगाने में जुटी पुलिस
नेपाल पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना की पुष्टि की है. पुलिस ने बताया कि सोलुखुम्बु के फेरिचे हेलीपोर्ट पर दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हुई है और एक घायल है.
नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेंद्र भुल ने स्थानीय मीडिया आउटलेट ऑनलाइनखबर को बताया कि फेरिचे हेलीपैड पर उतरते समय दोनों हेलीकॉप्टरों के रोटर ब्लेड टकराए थे. उन्होंने कहा कि घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है.
फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा रहा है.
ये भी पढ़ें- ट्रंप के शांति के दावों के बीच जंग का ऐलान! अमेरिका ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास ईरान पर किया सबसे बड़ा हमला
सोलुखुम्बु जिला दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट के लिए जाना जाता है. यह इलाका विदेशी पर्वतारोहियों और पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है. यहां के दुर्गम पहाड़ी इलाकों में यात्रियों को लाने-ले जाने के साथ-साथ आपातकालीन बचाव अभियानों के लिए भी हेलीकॉप्टरों का नियमित इस्तेमाल किया जाता है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





