Bharat Express DD Free Dish

इमरान खान की बहनों और समर्थकों पर केस, पाकिस्तान पुलिस ने आतंकवाद विरोधी कानून के तहत दर्ज की FIR

Imran Khan Sisters Case: पाकिस्तान पुलिस ने अडियाला जेल के बाहर विरोध प्रदर्शन करने पर इमरान खान की बहनों और PTI नेताओं के खिलाफ आतंकवाद विरोधी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया और राज्य विरोधी साजिश का आरोप लगाया.

Imran Khan Sisters Case: पाकिस्तान पुलिस ने बुधवार को PTI संस्थापक और पूर्व पीएम इमरान खान की बहनों और उनके दर्जनों समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. यह कार्रवाई आडियाला जेल के बाहर हुए विरोध प्रदर्शन के बाद की गई. दरअसल अधिकारियों ने इमरान खान के रिश्तेदारों और वकीलों को उनसे मिलने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था. इसके बाद नाराज बहनों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने जेल के बाहर सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की.

आतंकवाद विरोधी अधिनियम के तहत FIR

पुलिस की माने तो इमरान खान की बहनें अलीमा खान और नोरीन नियाजी समेत पार्टी नेताओं सलमान अकरम राजा, नईम पंजोथा, कासिम खान, आलिया हमजा और राजा नासिर अब्बास पर आतंकवाद विरोधी अधिनियम के तहत FIR दर्ज की गई है. यह मामला रावलपिंडी के सदर बेरोनी पुलिस स्टेशन में दर्ज हुआ है.

पाकिस्तान दंड संहिता की धारा 120 भी लागू

पुलिस ने इन पर राज्य के खिलाफ आपराधिक साजिश रचने, पुलिसकर्मियों पर हमला करने और धारा 144 का उल्लघंन करने का आरोप लगाया है. इसी के तहत पाकिस्तान दंड संहिता की धारा 120 भी लगाई गई है. पुलिस ने मौके से कम से कम 14 लोगों को गिरफ्तार किया है और बाकी की तलाश जारी है.

ये भी पढ़ें-भारत-साउथ अफ्रीका के चौथे टी20 पर कोहरे का कहर, धुंध के कारण मैच रद्द

जेल में कब से बंद हैं इमरान खान?

पूर्व पीएम इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं. अप्रैल 2022 में सत्ता से बेदखल होने के बाद से उनके खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए. अधिकारियों ने उनसे मुलाकातों पर रोक लगा रखी है, यह कहते हुए कि आगंतुक इन मुलाकातों का राजनीतिक इस्तेमाल करते हैं. खान से आखिरी मुलाकात 2 दिसंबर को उनकी बहन उजमा खान ने की थी. उनके समर्थक लगातार उनकी रिहाई की मांग कर रहे हैं, वहीं उनकी सेहत को लेकर भी कई खबरें सामने आ चुकी हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read