Bharat Express DD Free Dish

शादी का जश्न बना मातम! पाकिस्तान में ISI से जुड़े TTP आतंकी के घर फिदायीन हमला, 7 की मौत

Pakistan Suicide Attack: पाकिस्तान के डेरा इस्माइल खान में शादी समारोह के दौरान फिदायीन हमला हुआ. ISI से जुड़े TTP के पूर्व आतंकी नूर आलम महसूद समेत 7 लोगों की मौत.

Pakistan Suicide Attack

Pakistan Suicide Attack: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के डेरा इस्माइल खान से एक बेहद सनसनीखेज और हिंसक घटना सामने आई है. यहां शादी समारोह के दौरान भीषण फिदायीन हमला हुआ, जिसमें ISI के लिए काम कर चुके तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के पूर्व आतंकी नूर आलम महसूद समेत कम से कम 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है.

धामके का वीडियो वायरल

बताया जा रहा है कि यह हमला नूर आलम महसूद के घर पर चल रहे शादी कार्यक्रम के दौरान किया गया. इस फिदायीन हमले का वीडियो शादी समारोह की रिकॉर्डिंग में कैद हो गया है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक तरफ शादी का जश्न चल रहा था, लोग नाच-गाना कर रहे थे, तभी अचानक तेज धमाके की आवाज के साथ एक कमरे में विस्फोट हो गया.

धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चारों तरफ चीख-पुकार सुनाई देने लगी. विस्फोट के बाद सामने आई तस्वीरें बेहद दर्दनाक हैं, जिनमें चारों ओर क्षत-विक्षत शव और तबाही का मंजर दिखाई दे रहा है.

TTP से कब अलग हुआ था नूर आलम महसूद?

मिली जानकारी के अनुसार, साल 2016 में नूर आलम महसूद ने ऑपरेशन ‘जर्ब-ए-अज्ब’ का विरोध करते हुए तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से नाता तोड़ लिया था. इसके बाद वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के संपर्क में आया और उसके साथ मिलकर काम करने लगा.

ISI के निर्देश पर नूर आलम महसूद ने डेरा इस्माइल खान में उन आतंकियों को साथ लेकर एक निजी सेना बनाई, जिन्होंने TTP छोड़ दी थी. इस समूह को पाकिस्तानी सेना और ISI ने ‘शांति समिति’ का नाम दिया. इस ग्रुप का मुख्य उद्देश्य TTP के आतंकियों के खिलाफ लड़ाई लड़ना था. इसी वजह से पाकिस्तानी सेना और ISI इस गुट को ‘गुड तालिबान’ के नाम से भी संबोधित करती थीं.


ये भी पढ़ें: 50% सनातनी आबादी वाली सीट पर हिंदू उम्मीदवार से मचा बवाल, 17 करोड़ के बांग्लादेश में सिर्फ 80 अल्पसंख्यक कैंडिडेट


नूर आलम महसूद के घर हमला किसने कराया?

बताया जा रहा है कि नूर आलम महसूद खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के डेरा इस्माइल खान में रहता था. उसके लड़ाके पाकिस्तानी सेना के साथ मिलकर TTP के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों में सक्रिय रूप से शामिल थे.

इसी पृष्ठभूमि को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि नूर आलम महसूद के घर पर हुआ फिदायीन आत्मघाती हमला तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) द्वारा कराया गया हो. हालांकि, अभी तक किसी भी संगठन ने इस हमले की आधिकारिक जिम्मेदारी नहीं ली है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
    Tags:

Also Read