Russian military aircraft crash: रूस और यूक्रेन के बीच जारी भीषण तनाव के बीच क्रीमिया प्रायद्वीप से एक दुखद खबर सामने आई है. दरअसल रूसी सेना का एक एंटोनोव An-26 (Antonov An-26) मिलिट्री ट्रांसपोर्ट विमान अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. बता दें कि इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार सभी 29 लोगों की मौत हो गई है जिनमें 23 यात्री और 6 क्रू मेंबर्स शामिल थे. रूसी रक्षा मंत्रालय ने बुधवार तड़के इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि राहत एवं बचाव कार्य अभी भी जारी है, लेकिन मलबे की स्थिति को देखते हुए किसी के जीवित बचने की उम्मीद न के बराबर है.
क्या है पूरा घटनाक्रम?
मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, यह विमान (Antonov An-26) 31 मार्च को मॉस्को समय के मुताबिक शाम 6 बजे अपनी नियमित उड़ान पर था. विमान एक निर्धारित सैन्य रूट का पालन कर रहा था, लेकिन अचानक रडार से इसका संपर्क टूट गया.
कुछ ही देर बाद क्रीमिया के दुर्गम इलाके में इसके क्रैश होने की खबर मिली. प्रारंभिक जांच में मलबे के विश्लेषण से यह संकेत मिले हैं कि विमान पर किसी बाहरी हमले या मिसाइल हिट के निशान नहीं हैं जिससे प्रथम दृष्टया इसे एक तकनीकी खराबी या ‘सिस्टम फेलियर’ माना जा रहा है.
क्या हादसे में है युद्ध का कोई ऐंगल?
यह दुर्घटना ऐसे समय में हुई है जब यूक्रेन ने रूस के बुनियादी ढांचे, विशेषकर तेल बंदरगाहों और पाइपलाइनों को निशाना बनाकर अपने ड्रोन हमलों में काफी तेजी ला दी है. विशेषज्ञों का मानना है कि रूस की सैन्य उड़ानों पर इस युद्ध का भारी दबाव है. हालांकि इस क्रैश का सीधा संबंध किसी हमले से अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है लेकिन यह गौर करने वाली बात है कि हादसे से ठीक पहले सेवस्तोपोल (Sevastopol) इलाके में हवाई हमले के अलार्म (Air Raid Sirens) बज रहे थे.
यह भी पढ़ें : 60 साल पुराना कानून होगा खत्म! 1 अप्रैल से बदल जाएगी आपकी सैलरी और टैक्स की दुनिया, जानें क्या होंगे 4 बड़े बदलाव?
An-26 विमानों का विवादित सुरक्षा रिकॉर्ड
रूस में एंटोनोव श्रेणी के विमानों, विशेषकर An-26 का सुरक्षा रिकॉर्ड पिछले कुछ वर्षों में चिंता का विषय रहा है. जुलाई 2025 में भी अमूर क्षेत्र में एक An-24 विमान क्रैश हुआ था जिसमें 48 लोगों की जान गई थी. वहीं 2021 में भी An-26 के दो अलग-अलग हादसों में 34 लोग मारे गए थे. सैन्य जानकारों का कहना है कि इन पुराने सोवियतकालीन विमानों के रखरखाव में आ रही दिक्कतें और स्पेयर पार्ट्स की कमी भी लगातार हो रही दुर्घटनाओं की एक बड़ी वजह हो सकती है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


