Bharat Express DD Free Dish

Milkipur By Election: 30 जनवरी को मिल्कीपुर में रोड शो करेंगी डिंपल यादव, अखिलेश भी 3 फरवरी को करेंगे प्रचार

Milkipur By Election 2025: मिल्कीपुर उपचुनाव में 30 जनवरी को डिंपल यादव रोड शो करेंगी, वहीं 3 फरवरी को अखिलेश यादव जनसभा को संबोधित करेंगे. समाजवादी पार्टी ने पूरी ताकत झोंकी है.

Dimple Yadav

सपा सांसद डिंपल यादव और पूर्व सीएम अखिलेश यादव- फाइल फोटो

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

Milkipur By Election 2025: मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे उपचुनाव की सियासी हलचल तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है और 30 जनवरी को कन्नौज सांसद डिंपल यादव रोड शो करने के लिए अयोध्या आ रही हैं. डिंपल यादव का यह रोड शो मिल्कीपुर उपचुनाव के प्रचार का अहम हिस्सा होगा, जिसमें वह मतदाताओं से सपा प्रत्याशी के लिए वोट की अपील करेंगी.

रोड शो कुमारगंज के महर्षि वामदेव आश्रम से शुरू होकर संत भीखा दास मोहाली तक जाएगा. इस दौरान डिंपल यादव के साथ सपा की अन्य प्रमुख नेता जैसे सांसद इकरा हसन और विधायक रागिनी सोनकर भी मौजूद रह सकती हैं. हालांकि, रागिनी सोनकर के विधानसभा सत्र में व्यस्त होने की संभावना के कारण उनका शामिल होना मुश्किल बताया जा रहा है. वहीं, सांसद प्रिया सरोज भी पहले से अन्य कार्यक्रमों में व्यस्त हैं, जिससे उनका इस रोड शो में भाग लेना मुश्किल लगता है.

3 फरवरी को अखिलेश करेंगे जनसभा

डिंपल यादव के रोड शो के बाद, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 3 फरवरी को मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में अपनी पहली चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे. यह जनसभा इनायतनगर ट्यूबबेल नंबर 5 के मैदान में होगी, जहां अखिलेश यादव अपने चुनावी दृष्टिकोण और पार्टी के कार्यक्रमों पर चर्चा करेंगे.

बीजेपी और सपा के बीच कड़ी टक्कर

मिल्कीपुर उपचुनाव की तारीख नजदीक आते ही यहां सियासी तापमान बढ़ गया है. भाजपा ने इस सीट के लिए चंद्रभानु पासवान को उम्मीदवार बनाया है, जबकि सपा ने सांसद अवधेश प्रसाद के पुत्र अजीत प्रसाद को टिकट दिया है. चुनावी प्रचार के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कई बार मिल्कीपुर क्षेत्र का दौरा कर चुके हैं और उन्होंने 24 जनवरी को हरिंग्टनगंज के पलिया में चुनावी जनसभा की थी.

उपचुनाव की तारीखें और परिणाम

मिल्कीपुर उपचुनाव के लिए मतदान 5 फरवरी को होगा और वोटों की गिनती 8 फरवरी को होगी. यह उपचुनाव मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर सांसद अवधेश प्रसाद के चुनाव जीतने के बाद रिक्त हुई सीट के लिए हो रहा है.

यह भी पढिए: Delhi Election 2025: भाजपा के स्टार प्रचारकों ने तेज किया चुनावी प्रचार, ‘आप’ सरकार पर जमकर गरजे PM मोदी



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read