ICC Champions Trophy में ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 44 रनों से हरा दिया. इस जीत के हीरो रहे श्रेयस अय्यर और वरुण चक्रवर्ती. श्रेयस ने बेहतरीन अर्धशतक जमाया, जबकि वरुण ने अपनी फिरकी से न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को चारों खाने चित कर दिया. इस जीत के साथ भारत अपने ग्रुप-ए में टॉप पर पहुंच गया है.
अब टीम इंडिया 4 मार्च को दुबई में सेमीफाइनल खेलेगी. इस मुकाबले में उसका सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा, जो ग्रुप-बी में दूसरे स्थान पर रही. वहीं, दूसरा सेमीफाइनल 5 मार्च को लाहौर में खेला जाएगा, जिसमें न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका आमने-सामने होंगे.
भारत की पारी: श्रेयस अय्यर और हार्दिक ने खेली अहम पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 9 विकेट पर 249 रन बनाए. शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने पावरप्ले में तीन विकेट गंवा दिए. शुभमन गिल (2) को मैट हेनरी ने एलबीडब्ल्यू आउट किया. इसके बाद कप्तान रोहित शर्मा (15) पुल शॉट खेलने के चक्कर में कैच आउट हो गए. विराट कोहली (11) भी ज्यादा देर नहीं टिके और हेनरी की गेंद पर आउट हुए.
तीन विकेट जल्दी गिरने के बाद अक्षर पटेल और श्रेयस अय्यर ने पारी को संभाला. दोनों ने 98 रनों की अहम साझेदारी की. अक्षर 42 रन बनाकर रचिन रवींद्र का शिकार बने. श्रेयस अय्यर ने 75 गेंदों में फिफ्टी पूरी की और 79 रन बनाए. इसके बाद केएल राहुल (23) और रवींद्र जडेजा (16) भी ज्यादा योगदान नहीं दे सके.
आखिर में हार्दिक पंड्या ने ताबड़तोड़ 45 रन बनाकर भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी ने सबसे ज्यादा 5 विकेट झटके.
ये भी पढ़ें- Matt Henry का घातक स्पेल! Champions Trophy 2025 में भारत के खिलाफ रचा इतिहास, लिया पांच विकेट हॉल
न्यूजीलैंड की पारी: वरुण चक्रवर्ती का चला जादू
250 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही. पहले ओवर में ही रचिन रवींद्र (6) आउट हो गए. इसके बाद विल यंग (22) भी ज्यादा देर नहीं टिके और वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर बोल्ड हो गए. न्यूजीलैंड का स्कोर 49/2 हो गया.
इसके बाद केन विलियमसन और डेरिल मिचेल ने पारी को संभालने की कोशिश की. दोनों के बीच 44 रनों की साझेदारी हुई. लेकिन कुलदीप यादव ने मिचेल को आउट कर दिया. फिर रवींद्र जडेजा ने टॉम लैथम (14) को एलबीडब्ल्यू आउट कर भारत को बड़ी सफलता दिलाई.
केन विलियमसन ने संघर्ष जारी रखा और 77 गेंदों में फिफ्टी पूरी की. हालांकि, दूसरी तरफ से विकेट गिरते रहे. न्यूजीलैंड की पूरी टीम 45.3 ओवर में 205 रन पर ढेर हो गई. विलियमसन ने सबसे ज्यादा 81 रन बनाए, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके.
वरुण चक्रवर्ती की घातक गेंदबाजी
वरुण चक्रवर्ती भारतीय टीम के लिए सबसे घातक साबित हुए. उन्होंने 42 रन देकर 5 विकेट झटके. इसके अलावा कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा ने भी शानदार गेंदबाजी की.
भारतीय टीम में इस मैच के लिए एक बदलाव किया गया था. हर्षित राणा की जगह वरुण चक्रवर्ती को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया. दूसरी तरफ न्यूजीलैंड ने डेरिल मिचेल को टीम में वापस लाया, जिससे डेवोन कॉन्वे को बाहर बैठना पड़ा.
भारत की इस जीत के साथ फैंस का जोश बढ़ गया है. अब सबकी नजरें 4 मार्च को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले पर टिकी हैं.
ये भी पढ़ें- इंजमाम उल हक ने फिर कर दी ऐसी हरकत जिससे क्रिकेट फैन्स दे रहे हैं गालियां
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
