Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

पीएम मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री लक्सन की अहम बैठक, व्यापार, रक्षा और खेल सहयोग बढ़ाने पर जताई सहमति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न्यूजीलैंड के पीएम क्रिस्टोफर लक्सन ने द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई. दोनों नेताओं ने व्यापार, रक्षा, सुरक्षा, और खेल के क्षेत्र में संबंध मजबूत करने और भारत-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने पर चर्चा की.

India-New Zealand Relations, PM Modi, Christopher Luxon
Prashant Rai Edited by Prashant Rai

India-New Zealand relations: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने सोमवार को द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लिया. दोनों नेताओं ने व्यापार बढ़ाने, रक्षा सहयोग मजबूत करने और भारत-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने पर सहमति जताई.

हैदराबाद हाउस में हुई बैठक के बाद दोनों नेताओं ने मीडिया को संबोधित किया. इस दौरान आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाने और जनसंपर्क बढ़ाने पर भी चर्चा हुई.

9 साल बाद न्यूजीलैंड के पीएम का भारत दौरा

क्रिस्टोफर लक्सन अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर रविवार को दिल्ली पहुंचे. वह नौ वर्षों में भारत आने वाले पहले न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री हैं.

पीएम मोदी ने लक्सन के भारत प्रेम की तारीफ की. उन्होंने कहा, “हमने हाल ही में देखा कि उन्होंने ऑकलैंड में होली खेलकर त्योहार का आनंद लिया. न्यूजीलैंड में भारतीय समुदाय के प्रति उनका सम्मान इस यात्रा में उनके साथ आए बड़े प्रतिनिधिमंडल से साफ झलकता है.”

व्यापार और रक्षा सहयोग पर बनी सहमति

बैठक में व्यापार, सुरक्षा और निवेश पर विस्तार से चर्चा हुई. दोनों देशों ने रक्षा और सुरक्षा सहयोग को औपचारिक रूप देने का निर्णय लिया. इसके तहत संयुक्त सैन्य अभ्यास, प्रशिक्षण कार्यक्रम और रक्षा उद्योग में सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा. पीएम मोदी ने समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में बढ़ती भागीदारी का भी जिक्र किया.

व्यापार बढ़ाने के उद्देश्य से भारत और न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर बातचीत शुरू करने को राजी हो गए. पीएम मोदी ने कहा, “इससे डेयरी, खाद्य प्रसंस्करण और फार्मास्यूटिकल्स जैसे क्षेत्रों में निवेश और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा.”

खेल कूटनीति को मिलेगा बढ़ावा

खेल के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति बनी. भारत और न्यूजीलैंड ने अपने ऐतिहासिक खेल संबंधों को आगे बढ़ाने का फैसला किया. पीएम मोदी ने घोषणा की, “हम 2026 में दोनों देशों के बीच खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने का जश्न मनाएंगे.”

उन्होंने यह भी बताया कि दोनों देश खेल विज्ञान, खेल मनोविज्ञान और खेल चिकित्सा के क्षेत्र में साथ मिलकर काम करेंगे. साथ ही, खिलाड़ी विनिमय और कोचिंग कार्यक्रमों को भी बढ़ावा दिया जाएगा.


ये भी पढ़ें- अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने शेयर किया PM Modi का Podcast, AI रिसर्चर लेक्स फ्रिडमैन ने लिया था इंटरव्यू


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital