Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतरराष्ट्रीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, 176 किलो से ज्यादा गांजा बरामद

दिल्ली पुलिस की द्वारका जिला एंटी-नारकोटिक्स सेल ने 177 किलोग्राम गांजा बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. नेपाल से बिहार और पंजाब होते हुए दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई होने वाले अंतरराष्ट्रीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़.

दिल्ली पुलिस की द्वारका जिला एंटी-नारकोटिक्स सेल ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराष्ट्रीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है. इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 176.996 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता का गांजा बरामद किया है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य सप्लायर राजेश, अंतरराज्यीय सप्लायर कृष्णानंद चौधरी और लोकल डीलर कृष्ण शामिल हैं. पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह गांजा नेपाल से मंगाकर बिहार, पंजाब के रास्ते दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई कर रहा था. गांजा ट्रेनों में ट्रॉली बैग्स के जरिए लाया जाता था ताकि किसी को शक न हो.

मुख्य आरोपी राजेश (50 वर्ष), निवासी हरफूल विहार, दिल्ली, इससे पहले एनडीपीएस एक्ट और लोकसेवकों के काम में बाधा डालने जैसे गंभीर मामलों में पांच बार गिरफ्तार हो चुका है. उसे वर्ष 2011 में दर्ज एक मामले में 10 साल की सजा और ₹1 लाख जुर्माना भी हो चुका है. वह 5 अगस्त 2023 को अंतरिम जमानत पर जेल से बाहर आया था. पुलिस को HC कुलदीप के माध्यम से सूचना मिली थी कि गांजे की बड़ी खेप ट्रॉली बैग्स में द्वारका इलाके में पहुंचाई जा रही है. इसी आधार पर 23 मई 2025 को द्वारका मेट्रो स्टेशन के पास छापा मारकर राजेश को 6.067 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया.

गांजा स्टोरेज के लिए विकासपुरी में लिया था फ्लैट

राजेश से पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसने विकासपुरी इलाके में एक फ्लैट किराए पर ले रखा था, जहां वह गांजा स्टोर करता था. वहां से 168.896 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. पूछताछ में राजेश ने बताया कि वह यह गांजा पंजाब के होशियारपुर से मंगवाता था और मुख्य सप्लायर कृष्णानंद चौधरी है, जो मूल रूप से बिहार के पूर्णिया जिले का निवासी है और फिलहाल होशियारपुर में रह रहा था. पुलिस ने उसे 26 मई को पंजाब से गिरफ्तार किया. कृष्णानंद ने भी अपने गुनाह कबूल कर लिए हैं और बताया कि वह गांजा बिहार से मंगवाकर ट्रेनों के जरिए दिल्ली भेजता था.

इसके बाद पुलिस ने स्थानीय स्तर पर गांजा बेचने वाले कृष्ण (32), निवासी इंदिरा मार्केट, नजफगढ़ को गिरफ्तार किया. उसके घर से 2.033 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है. इस पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व डीसीपी द्वारका श्री अंकित सिंह (IPS) के निर्देशन में किया गया. कार्रवाई एक विशेष टीम ने की, जिसका गठन एसीपी ऑपरेशंस श्री रामावतार और इंस्पेक्टर सुबाष चंद्र के नेतृत्व में किया गया था.

इस मामले में द्वारका नॉर्थ थाने में FIR संख्या 196/2025 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 08/20/29/31 में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सप्लायर्स और गांजा खरीदने वालों की तलाश में जुटी हुई है. यह कार्रवाई राजधानी को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है.

ये भी पढ़ें: Errol Musk ने PM मोदी को बताया शानदार नेता, भारत के चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की सराहना की

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read