डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कार्यक्रम ‘India’s Got Latent’ में महिलाओं के प्रति असम्मानजनक टिप्पणी करने के मामले में कॉमेडियन समय रैना को राष्ट्रीय महिला आयोग के समक्ष तलब किया गया. आज समय रैना आयोग की माननीय अध्यक्षा श्रीमती विजया रहाटकर के सामने पेश हुए और अपने कथन के लिए लिखित माफ़ी नाम सौंपा.
रैना को लगी कड़ी फटकार
बैठक के दौरान आयोग की अध्यक्षा ने समय रैना को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि सार्वजनिक मंचों पर महिलाओं के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता बनाए रखना बेहद ज़रूरी है. उन्होंने समय रैना को भविष्य में ऐसी किसी भी आपत्तिजनक टिप्पणी से बचने और महिलाओं के अधिकारों और सम्मान को बढ़ावा देने वाली सकारात्मक और रचनात्मक सामग्री तैयार करने का सुझाव भी दिया.
समय रैना ने आयोग के निर्देशों का सम्मान करते हुए महिला सम्मान के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी निभाने का वादा किया और भरोसा दिलाया कि आगे से वे महिलाओं की गरिमा का विशेष ध्यान रखेंगे.
राष्ट्रीय महिला आयोग ने कहा कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों की यह जिम्मेदारी है कि वे समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता को बढ़ावा दें.
यह कार्रवाई आयोग के उस सतत प्रयास का हिस्सा है, जिसके तहत मीडिया, मनोरंजन और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर महिलाओं की गरिमा बनाए रखने के लिए जवाबदेही सुनिश्चित की जाती है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

