Bharat Express DD Free Dish

राहुल गांधी का SIR को लेकर चुनाव आयोग पर हमला, 124 साल की मिंता देवी पर बोले- ‘ऐसे अनगिनत मामले, अभी पिक्चर बाकी है’

राहुल गांधी ने बिहार की 124 साल की मिंता देवी का जिक्र करते हुए बिहार में मतदाता सूची के पुनरीक्षण की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे अनगिनत मामले सामने आए हैं. अभी पिक्चर बाकी है.

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मंगलवार को बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और कथित ‘वोट चोरी’ को लेकर एक बार फिर चुनाव आयोग पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ संविधान का आधार है और चुनाव आयोग की ड्यूटी है कि वे ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ को लागू करें, मगर उन्होंने ऐसा नहीं किया.

राहुल गांधी ने बिहार की 124 साल की मिंता देवी का जिक्र करते हुए बिहार में मतदाता सूची के पुनरीक्षण की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे अनगिनत मामले सामने आए हैं. अभी पिक्चर बाकी है.

‘एक मतदाता एक मत’ संविधान का आधार है

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संसद भवन के बाहर मीडिया से बात करते हुए एसआईआर के मुद्दे पर कहा, “केवल एक सीट नहीं है, बहुत सारी सीटें हैं. यह राष्ट्रीय स्तर पर किया जा रहा है और व्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है. चुनाव आयोग जानता है और हम भी जानते हैं. पहले हमारे पास सबूत नहीं थे, लेकिन अब हमारे पास सबूत हैं. हम संविधान की रक्षा कर रहे हैं. ‘एक मतदाता एक मत’ संविधान का आधार है और चुनाव आयोग की ड्यूटी है कि वे ‘एक व्यक्ति एक मत’ को लागू करें, मगर उन्होंने ऐसा नहीं किया. हम (विपक्ष) केवल संविधान की रक्षा कर रहे हैं और करते रहेंगे, रुकेंगे नहीं.”

चुनाव आयोग द्वारा SIR के दौरान बिहार में महिला मिंता देवी की उम्र 124 साल बताए जाने पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, “ऐसे बहुत अनगिनत मामले सामने आए हैं. अभी पिक्चर बाकी है.”

विपक्षी नेताओं ने पहनी 124 नॉट आउट की सफेद टी-शर्ट

वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि हम वोट चोरी का विरोध कर रहे हैं. राहुल गांधी ने बताया है कि वोटर लिस्ट में सारे फर्जी नाम और पते हैं.

बता दें कि विपक्षी दलों के गठबंधन इंडी ब्लॉक के संसदों ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और ‘वोट चोरी’ को लेकर विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी समेत विपक्ष के कई नेताओं ने ‘मिंता देवी’ नाम की एक कथित 124 साल की मतदाता की तस्वीर वाली सफेद टी-शर्ट पहनी थी, जिसमें लिखा था, ‘124 नॉट आउट’. इसके जरिए विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग की एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल उठाए.


ये भी पढ़ें: SIR में रॉन्ग नंबर पर संसद में घमासान! ‘मिंटा देवी’ और ‘124’ नंबर टीशर्ट का क्या है सियासी कनेक्शन?


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read