Bharat Express DD Free Dish

राजस्थान में मिला UP के युवक का नीले ड्रम में शव, पत्नी, बच्चे और मकान मालिक का बेटा फरार

Rajasthan Crime News: राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़ में मेरठ के कुख्यात नीले ड्रम हत्याकांड जैसी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक युवक का शव नग्न अवस्था में नीले ड्रम में मिला.

Rajasthan Crime News

Rajasthan Crime News: उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में हुए चर्चित नीले ड्रम वाले मुस्कान कांड जैसा ही एक और दिल दहला देने वाला मामला राजस्थान के खैरथल-तिजारा इलाके से सामने आया है. रविवार को एक मकान की छत पर रखे नीले प्लास्टिक के ड्रम से 35 वर्षीय हंसराम का शव बरामद हुआ. जैसे ही ड्रम खोला गया, बदबू ने सबको हैरान कर दिया और लोग मेरठ के चर्चित नीले ड्रम वाले कांड को याद करने लगे. फर्क बस इतना है कि इस बार कहानी राजस्थान की है, लेकिन खौफ वही पुराना.

क्या है पूरा मामला?

हंसराम मूल रूप से यूपी के शाहजहांपुर का रहने वाला था और बीते छह महीने से खैरथल-तिजारा की आदर्श कॉलोनी में किराए पर रह रहा था. वह पास की किराना दुकान पर काम करता था और अपनी पत्नी व तीन बच्चों के साथ वहीं रहता था. शनिवार की रात मकान मालकिन ने देखा कि किराएदार के घर का दरवाज़ा खुला है. अंदर गईं तो छत पर रखे ड्रम से बदबू आ रही थी. तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

नमक डालकर छिपाने की कोशिश

पुलिस जब मौके पर पहुंची और ड्रम खोला तो अंदर हंसराम का शव नमक में दबा हुआ मिला. शुरुआती जांच में शक है कि हत्या के बाद शव को गलने से रोकने और बदबू दबाने के लिए उस पर नमक डाला गया था. माना जा रहा है कि किसी धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या की गई.

ये भी पढ़ें: Bihar News: बिहार में वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस ने जारी किया भोजपुरी गाना, गाने में विजय सिन्हा के नाम का जिक्र

पत्नी, बच्चे और मकान मालिक का बेटा फरार

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हंसराम की पत्नी और तीनों बच्चे घटना के बाद से लापता हैं. इतना ही नहीं, मकान मालिक का बेटा भी घर से गायब बताया जा रहा है. पुलिस अब इन सभी की तलाश कर रही है. एफएसएल की टीम मौके से साक्ष्य जुटा चुकी है और हत्या की गुत्थी सुलझाने की कोशिशें जारी हैं.

मेरठ कांड जैसी दहशत

नीले ड्रम में शव मिलने का यह मामला लोगों को मेरठ के मुस्कान हत्याकांड की याद दिला रहा है, जहां पत्नी ने अपने ही पति की हत्या कर ड्रम में शव छिपा दिया था. खैरथल-तिजारा की यह वारदात उसी अंदाज़ में सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है. यह घटना एक बार फिर इस सवाल को खड़ा करती है कि आखिर इंसान इतनी बेरहमी तक कैसे पहुंच जाता है कि अपने ही परिवार और भरोसे के रिश्तों के बीच खून की ऐसी वारदात हो जाती है.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read