बॉलीवुड के मशहूर सिंगर Zubeen Garg जिन्होंने ‘या अली’ और ‘दिल तू ही बता’ जैसे सुपरहिट गाने दिए वो अब हमारे बीच नहीं रहे. 19 सितंबर को सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान हुए हादसे में उनकी मौत हो गई. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पुष्टि की कि जुबिन की मौत डूबने से हुई है. यही वजह सिंगापुर सरकार के डेथ सर्टिफिकेट में भी दर्ज है.
फूट-फूटकर रोती रहीं सिंगर की पत्नी
20 सितंबर को जुबिन का पार्थिव शरीर दिल्ली लाया गया और अगले दिन असम के गुवाहाटी पहुंचा. वहां हजारों फैंस उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देने उमड़ पड़े. उनकी पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग का रो-रोकर बुरा हाल था. वो जुबिन के पार्थिव शरीर से लिपटकर फूट-फूटकर रोती रहीं. असम की कैबिनेट ने भी जुबिन की याद में एक मिनट का मौन रखा.
मुख्यमंत्री ने की घोषणा
मुख्यमंत्री सरमा ने घोषणा की कि जुबिन का अंतिम संस्कार 23 सितंबर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा. इसके लिए गुवाहाटी के पास कमरकुची में 10 बीघा जमीन दी गई है, जहां उन्हें अंतिम विश्राम मिलेगा. जुबिन गर्ग असम की जनता के दिलों में बसते हैं. उनके निधन की खबर से पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई.
20 से 22 सितंबर तक असम में राजकीय शोक मनाया गया. जुबिन ने असम की संस्कृति को देशभर में पहचान दिलाई. उनके गाने असमिया और बंगाली भाषा में खूब लोकप्रिय हुए. 2006 में ‘गैंगस्टर’ फिल्म का ‘या अली’ गाना उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाला मोड़ साबित हुआ.
जुबिन ने कभी अपनी जड़ों को नहीं छोड़ा। उन्होंने हमेशा असम की कला और संस्कृति को आगे बढ़ाया। यही वजह है कि असम की जनता उन्हें सिर्फ एक सिंगर नहीं बल्कि अपने परिवार का हिस्सा मानती है.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
