Bharat Express DD Free Dish

गाजियाबाद में क्रिकेट मैच के दौरान बवाल, वाइड बॉल देने पर बॉलर ने अंपायर को जमकर पीटा, 12-15 लोगों ने किया हमला

गाजियाबाद में एक लोकल क्रिकेट मैच के दौरान अंपायरिंग कर रहे युवक पर वाइड बॉल देने को लेकर हमला कर दिया गया. हमले में 12 से ज्यादा लोगों ने मिलकर उसे बल्ले और विकेट से पीटा. पुलिस में शिकायत दर्ज, वीडियो वायरल.

ghaziabad news, uttar padesh

Ghaziabad News: गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र में एक लोकल क्रिकेट मैच के दौरान उस वक्त हंगामा मच गया जब एक बॉलर ने अंपायर को वाइड बॉल देने पर बुरी तरह पीट दिया. मामला इतना बिगड़ गया कि एक ही टीम के कई खिलाड़ी मिलकर अंपायर पर टूट पड़े. ये पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई और अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवक का नाम अतुल है, जो अपनी टीम की बैटिंग के समय अंपायरिंग कर रहा था. मैच के दौरान विपक्षी टीम के एक बॉलर की गेंद को अतुल ने वाइड करार दे दिया. ये फैसला बॉलर को इतना नागवार गुज़रा कि वह अंपायर से भिड़ गया और वाइड का फैसला वापस लेने का दबाव बनाने लगा. लेकिन जब अतुल ने नियमों का पालन करते हुए अपना फैसला नहीं बदला, तो मामला हाथापाई तक पहुंच गया.

बॉलर ने किया सिर पर गेंद से वार

अतुल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि विवाद बढ़ते ही बॉलर ने पहले उसके सिर पर गेंद से वार किया, फिर कुछ और साथियों को बुलाकर उसे बेरहमी से पीटा. आरोप है कि करीब 12 से 15 लोगों ने मिलकर बल्ला और विकेट से अतुल को मारा, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई है. इसके अलावा आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया और जान से मारने की धमकी दी.

पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें साफ दिखाई देता है कि भीड़ में कुछ युवक अतुल को घेरकर मारते हैं. इस बीच कुछ लोग बीच-बचाव की कोशिश भी करते नजर आते हैं, लेकिन हमलावर इतने आक्रामक थे कि किसी की एक नहीं चली.

अतुल ने घटना के बाद मेडिकल करवाया और वेव सिटी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई. लेकिन पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दो दिन बीतने के बाद भी पुलिस ने अब तक किसी आरोपी के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की है.

ये भी पढ़ें- मुझे माफ कर दो…,संभल में अध्यापिका पर एसिड अटैक मामले में आरोपी का हुआ एनकाउंटर, दोनों पैरों में लगी गोली

पुलिस बोली- जल्द होगी गिरफ्तारी

इस मामले में एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल का कहना है कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा. हालांकि पीड़ित परिवार ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read