Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के ऐलान के साथ ही महागठबंधन के भीतर का मतभेद बाहर आ गया. सीटों के बंटवारे को लेकर महागठबंधन के अंदर घमासान मचा हुआ है. विपक्षी गठबंधन में सीटों को लेकर चल रही खींचतान को लेकर अभी तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकल पाया है. इसी को लेकर मंगलवार को तेजस्वी यादव ने कांग्रेस और वीआईपी के नेताओं के साथ बैठक की, लेकिन यह बैठक भी बेनतीजा रहा. वीआईपी के प्रमुख मुकेश सहनी डिप्टी सीएम पद से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं.
राजनीतिक गलियारों में चर्चा चल रही है कि मुकेश सहनी चाहते हैं कि जब सीट शेयरिंग का ऐलान हो तभी उनको डिप्टी सीएम का चेहरा घोषित कर दिया जाए. जिसे लेकर कांग्रेस असहमत दिख रही है. कांग्रेस इस समय मुख्यमंत्री या उप मुख्यमंत्री के चेहरे को घोषित करना नहीं चाहती है. इसी मामले को लेकर तेजस्वी यादव के साथ मुकेश सहनी और कांग्रेस की बैठक हुई. हालांकि इस मामले पर कोई बात नहीं बन पाई.
कांग्रेस ने आज दिल्ली में बुलाई बैठक
आज दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान के द्वारा एक बैठक बुलाई गई है. इस बैठक की अहमियत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसमें राहुल गांधी भी ऑनलाइन जुड़ेंगे. इसको लेकर बिहार कांग्रेस के नेता दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं. जानकारी के मुताबिक यह बैठक दोपहर 2:30 बजे से होगी. इंडिया टूडे ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि कांग्रेस आलाकमान इस बैठक में उम्मीदवारों को लेकर चर्चा कर सकता है.
कांग्रेस पहले से तय कर चुकी है सीटें
कांग्रेस इस चुनाव को लेकर कोई मौके को गंवाना नहीं चाहती. इसलिए वो उम्मीदवारों का चयन पहले ही करने में जुट गई है. जबकि अभी भी महागठबंधन में सीटों का बंटवारा नहीं हो पाया है. जो यह दर्शाता है कि कांग्रेस सीट बंटवारे को लेकर पहले से ही फैसला कर चुकी है कि उसे किन-किन सीटों पर चुनाव लड़ना है.
ये भी पढ़ें- कैलिफोर्निया में दिवाली पर अब राजकीय अवकाश, भारतीय समुदाय में खुशी की लहर
वाम दलों के साथ सीटें लगभग फाइनल
उधर महागठबंधन के वाम दलों को लेकर भी चर्चाएं गर्म हैं. बताया जा रहा है सीपीएम, सीपीआई के साथ सीटों का बंटवारा लगभग फाइनल हो चुका है. सीपीआई-एमएल (माले) की कुछ सीटों पर पेंच फंसा हुआ है. जिसपर अभी बातचीत चल रही है.
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि बिहार विधानसभा चुनाव में वीआईपी पार्टी को 16 सीटें मिलने की उम्मीद है. जिसमें से कुछ सीटों पर आरजेडी अपना उम्मीदवार उतारेगी. यानी सिंबल वीआईपी का रहेगा लेकिन उम्मीदवार राजद का.
आज तेजस्वी यादव भागलपुर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसके बाद वो वापस पटना लौट आएंगे. महागठबंधन की कोशिश है कि 14 नवंबर को आने वाला परिणाम NDA को सत्ता से हटाने वाला हो. बिहार में विधानसभा चुनाव दो चरणों में होगा. प्रथम चरण का मतदान 6 नवंबर को तो दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर का होगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

