IND vs WI: भारतीय क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दिल्ली टेस्ट में 7 विकेट से जीत दर्ज करते हुए सीरीज में क्लीन स्वीप कर दिया. अहमदाबाद में खेले गए पहले टेस्ट में भारत ने 140 रन की बड़ी जीत हासिल की थी, और अब दिल्ली में भी टीम ने विपक्ष को मात देकर अपने लंबे समय से कायम दबदबे को बरकरार रखा.
वहीं दिल्ली टेस्ट की इस जीत को और भी खास बनाता है टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर का जन्मदिन. 14 अक्टूबर 2025 को गंभीर अपना 43वां जन्मदिन मना रहे हैं और इस मौके पर भारतीय क्रिकेट टीम ने उन्हें जीत के रूप में बर्थडे का ये खास तोहफा दे दिया. इतना ही नहीं शुभमन गिल की कप्तानी में यह भारत की पहली टेस्ट सीरीज जीत भी है, जो टीम के लिए एक नई उपलब्धि के तौर पर दर्ज होगी.
पहली पारी की दमदार शुरुआत
भारत ने मैच की शुरुआत पहले बल्लेबाजी करते हुए की और 5 विकेट पर 518 रन बनाकर पहली पारी घोषित की. यशस्वी जायसवाल ने 175 रन की शानदार पारी खेली, वहीं शुभमन गिल ने नाबाद शतक जड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.
जवाब में वेस्टइंडीज अपनी पहली पारी में सिर्फ 248 रन ही बना सकी और भारत ने उन्हें फॉलोऑन पर भेजा. इस बार भी भारतीय टीम का इरादा पारी से जीत हासिल करने का था, लेकिन वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने दूसरी पारी में जमकर बैटिंग की और 390 रन बनाकर भारत के लिए 121 रन का आसान लक्ष्य निर्धारित किया. इस पारी में जॉन कैंपबेल और शे होप ने शतक जड़े.
ये भी पढ़ें- India Vs WI Test Series: चौथे दिन का खेल समाप्त, ‘क्लीन स्वीप’ से महज 58 रन दूर टीम इंडिया
गेंदबाजी में कुलदीप यादव ने किया कमाल
भारत की गेंदबाजी में कुलदीप यादव सबसे प्रभावशाली रहे. उन्होंने पहली पारी में 5 और पूरे मैच में कुल 8 विकेट चटकाए. इसके अलावा जडेजा और बुमराह ने 4-4, जबकि सिराज ने 3 विकेट लिए.
121 रन का आसान लक्ष्य भारत ने 7 विकेट खोकर हासिल कर लिया. केएल राहुल ने इस दौरान 108 गेंदों में नाबाद 58 रन बनाकर टीम की जीत सुनिश्चित की.
378 दिन बाद मिली पहली टेस्ट सीरीज जीत
बता दें कि वेस्टइंडीज के खिलाफ क्लीन स्वीप के साथ ही भारत ने शुभमन गिल की कप्तानी में पहली टेस्ट सीरीज अपने नाम की. यह भारत की 378 दिन बाद मिली पहली टेस्ट सीरीज जीत भी है. टीम ने आखिरी बार 1 अक्टूबर 2024 को बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज जीती थी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




