Bihar Election 2025: विधानसभा चुनाव के लिए महागठबंधन ने मंगलवार को अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया है, जिसे ‘तेजस्वी प्रण’ नाम दिया गया है. इसमें बेरोजगारी, शिक्षा, पेंशन और बिजली जैसे मुद्दों पर कई बड़े वादे किए गए हैं. तेजस्वी यादव ने इसे दलों और दिलों का प्रण बताया.
20 दिन में नौकरी अधिनियम
महागठबंधन ने वादा किया है कि अगर उनकी सरकार बनी तो 20 दिनों के भीतर हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने के लिए अधिनियम लाया जाएगा. साथ ही 20 महीने के भीतर नौकरी देने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.
जीविका दीदियों को मिलेगा सरकारी दर्जा
घोषणा पत्र में कहा गया है कि सभी जीविका CM दीदियों को स्थाई किया जाएगा और उन्हें सरकारी कर्मचारी का दर्जा मिलेगा. उनका वेतन 30 हजार रुपये महीना तय किया जाएगा. साथ ही उनके लिए ब्याजमुक्त ऋण की सुविधा भी दी जाएगी.
संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मियों को स्थाई करने का वादा
राज्य में काम कर रहे सभी संविदा और आउटसोर्सिंग पर कार्यरत कर्मचारियों को स्थाई करने का वादा भी इस घोषणा पत्र में शामिल है.
रोजगार के नए अवसर और औद्योगिक विकास
आईटी पार्क, डेयरी, एग्रो इंडस्ट्री, स्वास्थ्य सेवा, फूड प्रोसेसिंग, नवीकरणीय ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में कौशल आधारित रोजगार के अवसर पैदा करने की बात कही गई है.
पांच नए एक्सप्रेस वे और पशुपालन को बढ़ावा
राज्य में पांच नए एक्सप्रेस वे बनाए जाएंगे. साथ ही मछली पालन और पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाएं लाई जाएंगी.
बुजुर्गों और विधवाओं को पेंशन
महागठबंधन ने वादा किया है कि विधवा और वृद्धजनों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत 1500 रुपये मासिक पेंशन दी जाएगी, जिसमें हर साल 200 रुपये की बढ़ोतरी होगी. दिव्यांग जनों को तीन हजार रुपये मासिक पेंशन देने की बात भी कही गई है.
हर परिवार को 200 यूनिट मुफ्त बिजली
घोषणा पत्र में हर परिवार को 200 यूनिट बिजली मुफ्त देने का वादा किया गया है. इससे पहले दिल्ली और कर्नाटक जैसे राज्यों में यह योजना लागू की जा चुकी है.
महिलाओं के लिए माई-बहिन मान योजना
महिलाओं को दिसंबर से हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. अगले पांच सालों तक उन्हें हर साल 30,000 रुपये दिए जाएंगे.
माइक्रोफाइनेंस और सहारा इंडिया पर सख्ती
महिलाओं को माइक्रोफाइनेंस कंपनियों की प्रताड़ना से बचाने के लिए नियामक कानून बनाया जाएगा. साथ ही सहारा इंडिया में फंसी जमा राशि को वापस दिलाने के लिए उच्चस्तरीय प्रयास किए जाएंगे.
तेजस्वी यादव का बयान
घोषणा पत्र जारी करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा,
“यह सिर्फ चुनावी दस्तावेज नहीं, यह दलों और दिलों का प्रण है. हम इसे प्राण झोंक कर पूरा करेंगे. बिहार को विकसित और अव्वल बनाना हमारा लक्ष्य है. कुछ बाहरी ताकतें बिहार को उपनिवेश बनाना चाहती हैं, लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे.”
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
