Weather Update: 4 दिसंबर का दिन देश के अलग-अलग इलाकों के लिए बिल्कुल अलग मौसम लेकर आया है. उत्तर भारत जहां ठंडी हवाओं, गिरते तापमान और घने कोहरे की चपेट में आ रहा है, वहीं दक्षिण भारत में बादल और लगातार हो रही बारिश लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं. एक तरफ लोग सुबह रजाई छोड़ने में झिझक रहे हैं, तो दूसरी ओर दक्षिण के कई जिलों में सड़कों पर पानी भरने से हालात मुश्किल बने हुए हैं.
दिल्ली-NCR में ठंड ने पकड़ी रफ्तार
राजधानी दिल्ली में आज से मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है. प्रदूषण की धुंध के बीच हल्का कोहरा दिख सकता है और सुबह की शुरुआत ठिठुरन के साथ होगी. मौसम विभाग का अनुमान है कि न्यूनतम तापमान 5–7 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. कुछ इलाकों में शीतलहर जैसी स्थिति भी बन सकती है, जिससे सुबह-सुबह सड़क पर निकलना मुश्किल हो सकता है.
यूपी-बिहार में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में ठंड ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, अगले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान धीरे-धीरे 2-3 डिग्री तक गिर सकता है. इसके बाद मौसम अपेक्षाकृत स्थिर रहने की उम्मीद है. प्रदेश के कई जिलों में आज सुबह का न्यूनतम तापमान लगभग 7℃ के आसपास दर्ज किया गया. सुबह और रात के समय ठंड और कोहरे का अनुभव आम तौर पर महसूस किया जा रहा है.
वहीं, बिहार में भी तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है. अधिकांश जिलों में रात का तापमान गिरने के कारण ठंड का अहसास बढ़ गया है. राजधानी पटना में बुधवार को न्यूनतम तापमान 14℃ दर्ज किया गया, जो पिछले रिकॉर्ड से 0.2 डिग्री कम था. आज गुरुवार को पटना का तापमान 15.32℃ के आसपास है. मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि बिहार में गुरुवार और शुक्रवार को तेज पछुआ हवा चलेगी, जिसकी गति 12 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है.
ये भी पढ़ें- दिल्ली का जानलेवा AQI..! NCR के अस्पतालों में दिखा प्रदूषण का असर; बढ़ने लगे मरीज
पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानों में बढ़ती कपकपाहट
पश्चिमी विक्षोभ इस समय पहाड़ी राज्यों में सक्रिय है, जिसका असर अब निचले इलाकों में महसूस होने लगा है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे हिस्सों में बर्फबारी और हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है. यही वजह है कि उत्तर भारत के कई राज्यों- पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और यूपी में तापमान लगातार नीचे जा रहा है.
सुबह के समय घने से हल्के कोहरे के चलते विजिबिलिटी कम रहने की संभावना है, जिससे आम-यातायात पर असर पड़ सकता है. पंजाब और राजस्थान के कुछ जिलों में शीतलहर के हालात भी पैदा हो सकते हैं.
दक्षिण भारत में झमाझम बारिश का दौर जारी
दक्षिण भारत के मौसम की कहानी बिल्कुल उलट है. बंगाल की खाड़ी में दबाव का क्षेत्र कमजोर जरूर पड़ा है, लेकिन इसका असर अभी भी तमिलनाडु और तटीय आंध्र प्रदेश पर साफ दिखाई दे रहा है.
चेन्नई, तिरुवल्लूर, चेंगलपट्टू और कांचीपुरम में तेज बारिश का सिलसिला आज भी जारी रह सकता है. लगातार हो रही बारिश से ट्रैफिक और सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


