ऑपरेशनल समस्याओं से जूझ रही देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी IndiGo ने आज यानी रविवार को फिर से कुल 650 फ्लाइट्स को कैंसिल कर दिया. हालांकि, 2300 में से 1650 उड़ानों का संचालन किया जाएगा. बता दें कि यह संकट पिछले छह दिनों से चल रही है, जिससे यात्रियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
कब ठीक होगी समस्या?
इंडिगो पिछले 6 दिनों में हजारों उड़ानों को रद्द कर चुका है. रद्द की गई इंडिगो फ्लाइट्स में बीते शुक्रवार को 1000 से अधिक और शनिवार को 800 से अधिक फ्लाइट्स शामिल है. हालांकि, रविवार से स्थिति में धीरे-धीरे सुधार देखा जा रहा है. कंपनी का कहना है कि नेटवर्क के पूरी तरह से सामान्य होने में कुछ दिनों का समय लगेगा. इंडिगो ने उम्मीद जताई है कि 10 दिसंबर तक उनकी उड़ानों का संचालन स्थिर हो जाएगा, जबकि पहले यह तारीख 10 से 15 दिसंबर के बीच बताई गई थी.
6 दिनों में हजारों फ्लाइट्स रद्द
अधिकारियों के अनुसार, पिछले छह दिनों में इंडिगो ने हजारों फ्लाइट्स रद्द की हैं, जिससे लाखों यात्रियों को अपने यात्राओं को रिशेडयूल और लंबा वैट करने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा. एयरलाइन ने यह भी कहा कि वे इस संकट से सीख लेकर नेटवर्क में स्थायी सुधार लाने की कोशिश कर रहे हैं. रविवार को एयरलाइन ने 1650 से अधिक उड़ानों के संचालन की योजना बनाई है, जिससे अधिकांश प्रमुख शहरों को जोड़ने वाली सेवाओं में सुधार आएगा.
IndiGo ने अपने यात्रियों के लिए सुविधा बढ़ाने के लिए 15 दिसंबर तक बुकिंग कैंसिल या रीशेड्यूल करने पर पूरी छूट देने का निर्णय लिया है. इसके अलावा, एयरलाइन की समय पर उड़ान (OTP) क्षमता में 75% तक सुधार हुआ है. रविवार को इंडिगो देश के 138 डेस्टिनेशन में से 137 पर उड़ानें संचालित कर रही है.
CEO को मिला नोटिस
इस समस्या के चलते देश के विभिन्न एयरपोर्ट पर यात्रियों की लंबी कतारें देखी गईं. अहमदाबाद एयरपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार आज यहां आने वाली 12 और जाने वाली 9 उड़ानों को रद्द किया गया है. वहीं, सिविल एविएशन मंत्रालय ने इंडिगो की समस्या को ध्यान में रखते हुए प्रभावित रूटों पर अधिकतम किराये की लिमिट तय की है. साथ ही, डीजीसीए ने इंडिगो के सीईओ को इस समस्या का जिम्मेदार मानते हुए ‘कारण बताओ’ नोटिस भी जारी किया है.
ये भी पढ़ें: बंगाल में ओवैसी और कबीर का गठजोड़, 35% मुस्लिम आबादी पर TMC की पकड़ होगी ढीली? ममता के सामने नई चुनौती
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

