Bharat Express DD Free Dish

“दोषियों को नहीं मिलेगी राहत, सख्त कार्रवाई होगी”… गोवा क्लब अग्निकांड पर बोले सीएम सावंत

Goa Club Fire: गोवा के अरपोरा स्थित ‘Birch by Romeo Lane’ नाइटक्लब में आग से 25 लोगों की मौत हुई. हादसे के बाद सीएम प्रमोद सावंत ने कहा कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा.

Goa Club Fire: गोवा के अरपोरा स्थित ‘Birch by Romeo Lane’ नाइटक्लब में शनिवार रात लगी भीषण आग ने पूरे गोवा को झकझोर दिया. इस हादसे में चार पर्यटकों और 21 कर्मचारियों की मौत हो गई. घटना के बाद से पुलिस और प्रशासन लगातार जांच और कार्रवाई में जुटे हुए हैं.

सीएम सावंत ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने हादसे पर गहरा दुख जताया और कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है. उन्होंने साफ कहा, “हम दोषियों को जरूर गिरफ्तार करेंगे. सुरक्षा और नियमों का पालन अनिवार्य है और जहां भी उल्लंघन मिलेगा, वहां कठोर कार्रवाई होगी.” उन्होंने यह भी बताया कि गोवा देश का इकलौता राज्य है जहां समुद्र तटों पर लाइफगार्ड हमेशा तैनात रहते हैं.

विदेश भागे मालिक

हादसे की गंभीरता इसी से समझी जा सकती है कि घटना के कुछ ही घंटे बाद क्लब के मालिक सौरभ और गौरव लूथरा भारत छोड़कर थाईलैंड के फुकेट भाग गए. गोवा पुलिस ने तुरंत इंटरपोल से संपर्क किया और दो दिनों के भीतर उनके खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करा लिया. डीजीपी ने इसे तेज और सफल कार्रवाई बताया.

पासपोर्ट रद्द करने की मांग

गोवा पुलिस ने पासपोर्ट कार्यालय को पत्र भेजकर लूथरा ब्रदर्स के पासपोर्ट रद्द करने की मांग की है ताकि उनकी वापसी और गिरफ्तारी सुनिश्चित हो सके. वहीं, दोनों भाइयों ने दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर कर दी है. पुलिस उन्हें भगोड़ा घोषित करने की तैयारी में है.

सुरक्षा नियमों पर सख्ती

सरकार की प्राथमिक जांच में कई सुरक्षा चूकें सामने आई हैं, जिनमें कर्मचारियों की पुलिस वेरिफिकेशन न होना भी शामिल है. सीएम सावंत ने इसे गंभीर बताते हुए कहा कि अब से सभी प्रतिष्ठानों के लिए पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य होगा.

ये भी पढ़ें-सुप्रीम कोर्ट पर हमले को पूर्व जजों ने बताया अस्वीकार्य, चीफ जस्टिस के समर्थन में बयान

गोवा सरकार ने साफ कर दिया है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. सुरक्षा नियमों के कड़ाई से पालन के लिए नई व्यवस्था लागू की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read