Urdu Conclave 2026

हत्या या सामूहिक आत्महत्या? एक ही कमरे में मिली परिवार के 5 सदस्यों की लाशें, उलझी मौत की गुत्थी

सहारनपुर के सरसावा में एक ही परिवार के 5 लोगों की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है. अमीन अशोक कुमार, उनकी मां, पत्नी और दो बेटों के शव घर के अंदर खून से लथपथ मिले हैं. पुलिस सामूहिक हत्याकांड और आत्महत्या, दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है.

Saharanpur Crime News

Five Dead in Saharanpur: श्वेतांक त्यागी/सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने न केवल पूरे जिले को, बल्कि प्रदेश के लोगों को भी हिलाकर रख दिया है. सरसावा थाना क्षेत्र की कौशिक विहार कॉलोनी में आज उस वक्त सन्नाटा पसर गया, जब एक ही घर के भीतर से परिवार के पांच सदस्यों की लाशें बरामद हुईं. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इन पांचों की मौत गोली लगने की वजह से हुई है, जिससे यह मामला काफी पेचीदा और डरावना नजर आ रहा है.

एक ही कमरे में बिछ गईं पांच लाशें

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अशोक कुमार पेशे से अमीन थे और इसी कॉलोनी में अपनी मां, पत्नी और दो बेटों के साथ रहते थे. जब काफी देर तक घर में कोई हलचल नहीं हुई, तो आसपास के लोगों को शक हुआ. जैसे ही लोग घर के अंदर पहुंचे, वहां का मंजर देखकर उनकी रूह कांप गई. एक ही कमरे के अंदर अशोक, उनकी पत्नी अजिता, मां विद्यावती और उनके दो मासूम बेटों, कार्तिक और देव के शव खून से लथपथ पड़े थे.

इस खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों और पड़ोसियों की भारी भीड़ जमा हो गई. हर किसी के मन में बस यही सवाल था कि आखिर एक हंसते-खेलते परिवार के साथ ऐसी खौफनाक वारदात कैसे हो सकती है?

मौके पर पहुंचे आला अधिकारी

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई. एसपी देहात सागर जैन और एसएसपी सहारनपुर आशीष तिवारी भारी पुलिस बल और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने सबसे पहले पूरे इलाके को सील किया ताकि घटनास्थल पर मौजूद सबूतों से कोई छेड़छाड़ न हो सके.

एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि मामला बेहद गंभीर है. फोरेंसिक टीम कमरे की बारीकी से जांच कर रही है और मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. फिलहाल यह साफ नहीं है कि यह हत्या है या फिर सामूहिक आत्महत्या, लेकिन शुरुआती जांच में गोली लगने की बात सामने आ रही है.

जांच के घेरे में कई सवाल

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी. फिलहाल मामले को लेकर पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है.

बता दे कि मृतक अशोक कुमार के जानने वाले और पड़ोसी भी इस घटना से सदमे में हैं. लोगों का कहना है कि अशोक एक सामान्य जीवन जी रहे थे, ऐसे में एक साथ पूरे परिवार का खत्म हो जाना कई गहरे राज की ओर इशारा कर रहा है.

सहारनपुर पुलिस ने दावा किया है कि वे जल्द ही इस गुत्थी को सुलझा लेंगे. फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. यह घटना हमें फिर सोचने पर मजबूर करती है कि हमारे आसपास की शांति के पीछे कितनी अनकही कहानियां दफन हो सकती हैं.

ये भी पढ़ें: महोबा में तेरहवीं के दिन खौफनाक हमला, बेटे की हत्या, चार लोग घायल

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read