तमिलनाडु की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज है. डीएमके और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर जो खींचतान चल रही है, अब उस पर भारतीय जनता पार्टी ने चुटकी लेना शुरू कर दिया है. भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने विपक्षी गठबंधन पर कड़ा प्रहार करते हुए इसे ‘डूबते जहाज’ की सवारी करार दिया है.
शाहनवाज हुसैन का कहना है कि तमिलनाडु में डीएमके को अब यह समझ आ गया है कि कांग्रेस के साथ हाथ मिलाना घाटे का सौदा साबित हो सकता है. उन्होंने बड़े ही बेबाक अंदाज में कहा कि इतिहास गवाह है, कांग्रेस जहां भी गठबंधन का हिस्सा बनी, उसने अपने साथियों को ही डुबोने का काम किया है.
महाराष्ट्र से दिल्ली तक हार की हैट्रिक गिनाई
भाजपा प्रवक्ता ने बिहार का जिक्र करते हुए कहा कि वहां आरजेडी ने कांग्रेस पर भरोसा किया, लेकिन राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस खुद तो डूबी ही, साथ ही सहयोगियों का भी बेड़ा गर्क कर दिया. हुसैन के मुताबिक, तमिलनाडु में कांग्रेस का अपना कोई ठोस जनाधार नहीं बचा है और न ही राहुल गांधी के नाम पर वहां वोट मिलने वाले हैं. डीएमके के अंदर भी अब इस बात को लेकर भारी असमंजस है कि क्या वाकई कांग्रेस को साथ लेकर चलना समझदारी होगी?
उन्होंने एक दिलचस्प उदाहरण देते हुए कहा, “जब टीम इंडिया का सिलेक्शन होता है, तो खिलाड़ियों का पुराना रिकॉर्ड देखा जाता है. अब कांग्रेस का रिकॉर्ड तो देखिए— महाराष्ट्र, गुजरात और हरियाणा में हार की हैट्रिक, दिल्ली में सन्नाटा और बिहार में भी गिनती की सीटें. जब कोई खिलाड़ी लगातार शून्य पर आउट हो रहा हो, तो उसे टीम में कौन रखेगा?” उन्होंने डीएमके को सलाह दी कि अगर उन्हें सत्ता में वापसी करनी है, तो किसी अच्छे चुनावी रणनीतिकार से राय जरूर लें, क्योंकि कांग्रेस के साथ जाने का मतलब है ‘निश्चित हार’.
संसद के हंगामा और ‘जय श्री राम’ पर पलटवार
सिर्फ गठबंधन ही नहीं, शाहनवाज हुसैन ने संसद के बजट सत्र के दौरान विपक्ष के व्यवहार पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने अब अपनी मर्यादाएं पूरी तरह ताक पर रख दी हैं. राष्ट्रपति के अभिभाषण के दौरान किए गए हंगामे को उन्होंने संवैधानिक संस्थाओं का अपमान बताया.
हुसैन ने तंज कसते हुए कहा, “कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस जिस स्तर की राजनीति कर रहे हैं, उसे पूरा देश देख रहा है. उन्हें तो अब ‘भगवान राम’ के नाम से भी चिढ़ होने लगी है.” उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे ही कोई ‘जय श्री राम’ बोलता है, वे आगबबूला हो जाती हैं और गाड़ी से उतरकर लड़ने लगती हैं.
ये भी पढ़ें- संसद में पेश हुआ आर्थिक सर्वेक्षण, सोने-चांदी का भी जिक्र; 7.2% जीडीपी का अनुमान
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



