रिपोर्ट- रवि शर्मा
Jammu Drug Bust: जम्मू जिले के बिश्नाह इलाके में पुलिस को नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान के दौरान बड़ी कामयाबी मिली है. थाना बिश्नाह के अंतर्गत आने वाले गांव बहादुरपुरा में एक खेत से करीब 1.5 किलोग्राम संदिग्ध नशीला पदार्थ ‘चिट्टा’ यानी हेरोइन बरामद की गई है. पुलिस के अनुसार इस ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.5 से 2 करोड़ रुपये के बीच है.
खेत में मिला काला बैग
जानकारी के मुताबिक, बहादुरपुरा गांव के रहने वाले शुभम चौधरी को अपने खेत में एक काले रंग का बैग संदिग्ध हालत में पड़ा हुआ दिखाई दिया. बैग को देखकर उन्हें शक हुआ. इसके बाद उन्होंने जिम्मेदारी दिखाते हुए तुरंत इस बारे में गांव के सरपंच को सूचना दी. सरपंच ने मामले की जानकारी पुलिस स्टेशन बिश्नाह को दी.
1.5 किलो हेरोइन जब्त
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सुरक्षित करते हुए बैग को अपने कब्जे में ले लिया. जब बैग की जांच की गई तो उसके अंदर करीब 1.5 किलोग्राम संदिग्ध चिट्टा (हेरोइन) मिला. पुलिस ने नशीले पदार्थ को तुरंत जब्त कर लिया और मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है.
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में ड्रग्स इस इलाके तक कैसे पहुंची और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं. पुलिस संभावित ड्रग तस्करी नेटवर्क की भी जांच कर रही है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें: ‘जीजा ने पकड़ा, यह बस एक सपना था’: नाबालिग साली के बयान से पलटा केस, एयरफोर्स कर्मी 7 साल बाद बरी
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से जम्मू क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान तेज किया गया है. इस दौरान कई बड़ी बरामदगियां सामने आई हैं. कुछ महीने पहले आरएस पुरा सेक्टर में सुरक्षा बलों ने पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए गिराई गई करीब 5.3 किलोग्राम हेरोइन बरामद की थी, जिसकी कीमत लगभग 25 करोड़ रुपये बताई गई थी. इसके अलावा अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कई ड्रग तस्करों को भी गिरफ्तार किया है. लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि क्षेत्र में सक्रिय ड्रग तस्करी नेटवर्क को खत्म करने के लिए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां लगातार अभियान चला रही हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
