Bharat Express DD Free Dish

पटना में दिनदहाड़े स्कॉर्पियो सवार अपराधियों ने बरसाईं गोलियां, जमीन विवाद में दो लोगों को लगी गोली, इलाके में दहशत

पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने सरेआम फायरिंग कर कानून व्यवस्था को चुनौती दी है. जमीन देखकर लौट रहे ओमप्रकाश यादव की टीम पर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने राइफल से गोलियां चलाईं. घायलों का इलाज NMCH में जारी है.

Crime News

बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब उन्हें न तो पुलिस का खौफ है और न ही कानून का डर. ताजा मामला गोपालपुर थाना क्षेत्र का है, जहां दिनदहाड़े हुई अंधाधुंध फायरिंग से पूरा इलाका दहल गया. स्कॉर्पियो सवार अपराधियों ने एक जमीन के पास घेराबंदी कर दनादन गोलियां चलाईं, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

जमीन देखकर लौट रहे थे, तभी हुआ हमला

जानकारी के मुताबिक, आलमगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले ओमप्रकाश यादव अपने करीब दो बीघे के जमीन को देखने के लिए गोपालपुर गए थे. उनके साथ कुछ सहयोगी और दोस्त भी मौजूद थे. बताया जा रहा है कि जब वे जमीन का मुआयना करने के बाद वापस अपने घर की ओर लौट रहे थे, तभी एक स्कॉर्पियो अचानक उनके सामने आकर रुकी. गाड़ी रुकते ही उसमें सवार हमलावरों ने राइफल निकाली और फायरिंग शुरू कर दी.

प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो हमलावरों ने करीब 10 राउंड से ज्यादा गोलियां चलाईं. इस हमले में ओमप्रकाश यादव के पैर में गोली लगी है, जबकि उनके साथ मौजूद जितेंद्र नामक व्यक्ति के पेट में दो गोलियां लगी हैं.

NMCH में चल रहा है घायलों का इलाज

गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में भगदड़ मच गई. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को आनन-फानन में नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) ले जाया गया. डॉक्टरों के मुताबिक जितेंद्र की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका ऑपरेशन किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें- इंदौर में धड़ाम से गिरी ओवरलोड लिफ्ट, मातम में बदला माहौल; दुल्हन से मिलने जा रहे थे रिश्तेदार

नामजद आरोपियों के खिलाफ शिकायत

अस्पताल में इलाज के दौरान घायल ओमप्रकाश यादव ने बताया कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे. उन्होंने इस हमले के पीछे उदय सिंह, उज्ज्वल सिंह और गौरव सिंह नामक व्यक्तियों को जिम्मेदार ठहराया है. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि यह पूरी वारदात जमीन विवाद के चलते अंजाम दी गई है.

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर और स्थानीय थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई है. पुलिस ने घटनास्थल से खाली खोखे बरामद किए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि स्कॉर्पियो का नंबर और हमलावरों की पहचान की जा सके. पटना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read