Ghazipur Bus Accident: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है. गुरुवार सुबह वाराणसी से महाराष्ट्र वापस जा रही एक टूरिस्ट बस अचानक बेकाबू होकर पलट गई. हादसा इतना खौफनाक था कि बस डिवाइडर से टकराने के बाद एक के बाद एक तीन बार पलटी और फिर सड़क पर खड़ी हो गई. इस हादसे में दो बुजुर्ग महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग जख्मी हैं. घायलों में एक महिला की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है.
दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र के बुलढाणा और जलगांव से करीब 50 यात्रियों का एक जत्था तीर्थ यात्रा पर निकला था. इन लोगों ने वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए और फिर नेपाल घूमने गए थे. नेपाल से लौटने के बाद गुरुवार सुबह ये सभी लोग यूपी की एक निजी बस बुक करके वापस महाराष्ट्र के लिए रवाना हुए थे.
सफर हंसी-खुशी कट रहा था, लेकिन सुबह करीब 11 बजे जैसे ही बस नंदगंज थाना क्षेत्र के नैसारे गांव के पास पहुंची, अचानक ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया. बस तेज रफ्तार में डिवाइडर से जा टकराई. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस तीन बार गुलाटियां मारते हुए पलट गई.
मदद के लिए दौड़े ग्रामीण
हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया. बस के अंदर फंसे यात्री जान बचाने के लिए चीखने-चिल्लाने लगे. शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े. लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बस के नीचे दबे यात्रियों को बाहर निकाला. सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीमें भी पहुंच गईं.
हादसे में जान गंवाने वाली एक महिला की पहचान बुलढाणा की 70 वर्षीय सरस्वती के रूप में हुई है, जबकि दूसरी महिला की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है. सभी घायलों को तुरंत गाजीपुर के महर्षि विश्वामित्र मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है.
ये भी पढ़ें- पूर्व अग्निवीरों को 20% आरक्षण और राशन डिपुओं में महिलाओं को 33% कोटा, सरकार ने लिए कई बड़े फैसले
प्रशासनिक अमला मौके पर मुस्तैद
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. ईरज राजा, एडीएम दिनेश कुमार और सीएमओ डॉ. सुनील पांडे तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों के इलाज का जायजा लिया. एसपी ने बताया कि मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवा दिया गया है और उनके परिजनों को सूचना भेज दी गई है. फिलहाल पुलिस हादसे की सही वजह तलाशने में जुटी है कि क्या यह ड्राइवर की लापरवाही थी या बस में कोई तकनीकी खराबी आई थी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



