कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने सबको हैरान कर दिया है. यहाँ एक युवती ने अपने ही प्रेमी की बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी. खबरों के मुताबिक, युवती ने अपने प्रेमी को ‘वेस्टर्न स्टाइल’ में शादी का प्रपोजल देने का लालच दिया था. उसने प्रेमी से कहा कि वह उसे एक सरप्राइज देना चाहती है, जिसके झांसे में आकर युवक अपनी मौत के करीब पहुंच गया.
हाथ-पैर बांधकर प्रेमी को लगाई आग
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी युवती ने पहले प्यार का नाटक किया और प्रेमी को एक सुनसान जगह पर बुलाया. वहाँ उसने पश्चिमी सभ्यता का हवाला देते हुए प्रेमी को यकीन दिलाया कि प्रपोजल के दौरान उसे अपनी आंखें बंद करनी होंगी और हाथ-पैर बंधवाने होंगे. जैसे ही प्रेमी ने उस पर भरोसा कर खुद को बंधवा लिया, युवती ने उस पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी. तड़प-तड़प कर युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी युवती
इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की और आरोपी युवती को हिरासत में ले लिया है. शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि दोनों के बीच पिछले कुछ समय से अनबन चल रही थी, जिसका बदला लेने के लिए युवती ने यह खौफनाक साजिश रची. पुलिस अब इस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि युवक को इंसाफ मिल सके.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

