Rajasthan News: राजस्थान के जालोर जिले से एक ऐसी खबर सामने आई जिसने पूरे इलाके को शोक में डाल दिया. मोरसीम गांव के एक परिवार में शादी की शहनाइयां गूंज रही थीं, बारात भी आ चुकी थी और पूरे परिवार में खुशी का माहौल था. लेकिन कोई नहीं जानता था कि कुछ ही देर में ये खुशियां मातम में बदलने वाली हैं. असल में, बिंदौली के दौरान एक 20 साल की युवती, जो ननिहाल में शादी देखने के लिए आई हुई थी, नाचते-नाचते अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी.
जश्न के बीच अचानक पसरा सन्नाटा
मामला सोमवार रात का है जब मोरसीम गांव के लुम्भाजी पुरोहित के घर में पूरा परिवार और रिश्तेदार शादी के जश्न में डूबे हुए थे. बिंदौली का कार्यक्रम चल रहा था और साउंड सिस्टम पर बजते गानों पर परिवार की 20 साल की बेटी दिपू झूम रही थी.
नाचते-नाचते दिपू को अचानक चक्कर आया और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गई. शुरुआत में वहां मौजूद लोगों को लगा कि शायद थकान और भीड़ की वजह से उसे चक्कर आया होगा, लेकिन काफी देर तक कोशिश करने के बाद भी उसे होश नहीं आया और हालत बिगड़ती चली गई.
View this post on Instagram
अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गई सांसों की डोर
दिपू की हालत देखकर वहां मौजूद लोगों के हाथ-पांव फूलने लगे. घबराए परिजन तुरंत युवती को अस्पताल लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार दिया और उसे तुरंत बागोड़ा रेफर कर दिया. लेकिन शायद कुदरत को कुछ और ही मंजूर था, बागोड़ा ले जाते समय रास्ते में ही दिपू ने दम तोड़ दिया. शुरुआती जांच में मौत का कारण साइलेंट हार्ट अटैक बताया जा रहा है.
ये भी पढ़ें- साइंस या फिर तीसरी आंख: समस्तीपुर में बच्चों का हैरतअंगेज हुनर, बिना देखे पहचान लेते हैं रंग और नोट
हाथों की मेहंदी का रंग भी नहीं उतरा था
इस हादसे ने पूरे इलाके को इसलिए भी झकझोर दिया है क्योंकि दिपू की अपनी शादी को अभी सिर्फ चार ही महीने हुए थे. बागोड़ा के वाटेरा गांव की रहने वाली दिपू का विवाह तातड़ा गांव में हुआ था. वह अपने ननिहाल में शादी की खुशियां बांटने आई थी, लेकिन उसकी मौत की खबर ने दोनों गांवों (ससुराल और पीहर) को सुन्न कर दिया है.
ग्रामीणों का कहना है कि दिपू बहुत ही जिंदादिल लड़की थी. जिस घर से बारात की विदाई धूमधाम से होनी थी, वहां से अब अर्थी उठने की तैयारी हो रही है. पूरे जालोर जिले में इस घटना की चर्चा है और हर कोई यही कह रहा है कि “भगवान ऐसी घड़ी किसी को न दिखाए.” फिलहाल पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





