Bharat Express DD Free Dish

बेगूसराय में मानवता शर्मसार: 5 साल की मासूम से दुष्कर्म, आरोपी किशोर पुलिस की गिरफ्त में; इलाके में तनाव

बिहार के बेगूसराय में एक बार फिर हैवानियत की हदें पार हो गईं. बछवाड़ा थाना क्षेत्र में एक 5 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया है और बच्ची को इलाज के लिए बेगूसराय रेफर किया गया है.

Begusarai, Bihar, Crime News, Begusarai Crime News

Begusarai Crime News: बेगूसराय के बछवाड़ा थाना क्षेत्र से एक ऐसी खबर आई है जिसने हर किसी का दिल दहला दिया है. यहां एक 5 साल की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है. घटना के बाद जब मासूम लहूलुहान हालत में रोती-बिलखती अपने घर पहुंची, तो उसकी हालत देख मां के पैरों तले जमीन खिसक गई. इस घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश और गम का माहौल पैदा कर दिया है.

खेलते समय हुई हैवानियत

डरी-सहमी बच्ची ने पुलिस को जो आपबीती सुनाई, वह रूह कंपा देने वाली है. बच्ची ने बताया कि वह घर के पास खेल रही थी, तभी गांव का ही एक लड़का उसे जबरन खींचकर खेत की तरफ ले गया. वहां उसने मासूम के साथ गलत काम किया. जब बच्ची लहूलुहान हालत में घर लौटी, तो परिजनों ने तुरंत 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी. स्थानीय डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया है.

नशेड़ियों का अड्डा बना है घटनास्थल

इस मामले पर ग्रामीणों में भारी गुस्सा है. पूर्व सरपंच सुरेश राय ने इसे मानवता पर कलंक बताते हुए कहा कि जिस जगह यह घटना हुई, वहां अक्सर नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है. उन्होंने आरोप लगाया कि असामाजिक तत्वों के कारण राह चलते लोगों का जीना मुहाल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे अड्डों को खत्म किया जाए और दोषियों को ऐसी सजा दी जाए जो मिसाल बने.

ये भी पढ़ें- गुरुग्राम के वजीरपुर में महिला और चार बच्चों की मौत, इलाके में सनसनी

पुलिस छावनी में तब्दील हुआ गांव

वारदात की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी कृष्ण कुमार और थानाध्यक्ष परेंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी किशोर (उम्र लगभग 15 वर्ष) को हिरासत में ले लिया है. फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और इलाका पुलिस छावनी में तब्दील है.

वैज्ञानिक सबूत जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य इकट्ठा कर रही है. डीएसपी कृष्ण कुमार ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और स्पीडी ट्रायल के जरिए दोषी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read