AI IMAGE
Today Weather: मई का महीना खत्म होने को है, लेकिन जाते-जाते भी यह मौसम हमें हैरान करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहा है. आज यानी 31 मई को देश के एक बड़े हिस्से में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है. जहां पिछले कुछ दिनों से सूरज आग बरसा रहा था, वहीं अब बादलों ने डेरा डालना शुरू कर दिया है. राहत की सबसे बड़ी बात ये है कि मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले चौबीस घंटे के दौरान लू यानी हीटवेव न चलने का भरोसा दिया है. इसकी जगह अब धूलभरी आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ जगहों पर ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है.
दिल्ली-NCR में शाम को बदलेगा मिजाज
अगर आप दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद या गुरुग्राम में रहते हैं, तो आज अपनी शाम या रात के प्लान थोड़े संभलकर बनाइएगा. मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आज सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हो जाएगी, जो धीरे-धीरे बढ़ती जाएगी. शाम या रात के वक्त दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की बौछारें पड़ने की पूरी संभावना है.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शाम के समय हवाएं 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, जो कभी-कभी 60 किलोमीटर प्रति घंटे की तूफानी रफ्तार को भी छू सकती हैं. तापमान की बात करें तो बादलों के इस पहरे के कारण दिल्ली का अधिकतम तापमान छतीस से अडतीस डिग्री सेल्सियस के बीच सिमट सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान बाईस से चौबीस डिग्री के आसपास रहेगा. इससे लोगों को चिलचिलाती धूप से काफी हद तक राहत मिल जाएगी.
यूपी और राजस्थान में 70KM की रफ्तार से अंधड़ का खतरा
उत्तर प्रदेश की बात करें तो आज पूरे सूबे में मौसम काफी आक्रामक रहने वाला है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक और आसमानी बिजली के साथ पचास से साठ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल सकती है, जो कुछ समय के लिए सत्तर किलोमीटर की रफ्तार भी पकड़ सकती है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कुछ ऐसा ही हाल रहेगा, जहां चालीस से पचास किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और हल्की बारिश लोगों को गर्मी से राहत देगी.
पड़ोसी राज्य राजस्थान में भी बादलों का पूरा पहरा है. पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में आज धूलभरी आंधी चलने का अनुमान है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार साठ से सत्तर किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में आंधी और बारिश के साथ-साथ ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है, जिससे फसलों को नुकसान हो सकता है.
पंजाब, हरियाणा और पहाड़ों पर ओलावृष्टि की चेतावनी
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के मैदानी इलाकों में भी आज मौसम मेहरबान रहेगा. इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और चालीस से पचास किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने की बात कही गई है.
मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ों पर भी हलचल तेज है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के ऊंचे इलाकों में आज भारी ओलावृष्टि, बिजली गिरने और तीस से चालीस किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है.
इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई टूरिस्ट स्पॉट्स पर भी गरज-चमक के साथ ओले गिरने की आशंका है, जिससे तापमान में भारी गिरावट आएगी. पहाड़ों पर घूमने गए सैलानियों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है.
झारखंड का मिला-जुला रंग
अब बात करते हैं झारखंड की, जहां मौसम के दो बिल्कुल अलग रूप देखने को मिल रहे हैं. प्री-मानसून सिस्टम के एक्टिव होने से राज्य के अधिकांश जिलों में आज बादल छाए रहेंगे और तापमान में गिरावट आएगी. हालांकि, पलामू, गढ़वा और चतरा जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में अब भी गर्म हवाओं और तेज धूप का असर बना रहेगा. दोपहर के समय इन इलाकों में हीटवेव जैसी स्थिति महसूस हो सकती है. हाल के दिनों में डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा है और आज भी यहां का पारा एकतालीस से चवालीस डिग्री सेल्सियस के बीच डराने वाला है.
इसके बिल्कुल उलट, राजधानी रांची, खूंटी, गुमला, रामगढ़, लोहरदगा और सिमडेगा जैसे दक्षिणी व पठारी क्षेत्रों में मौसम बेहद आरामदायक रहेगा. रांची का अधिकतम तापमान तीस डिग्री के आसपास और रात का तापमान बाईस से चौबीस डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है. रांची मौसम विभाग ने धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, हजारीबाग और कोड़रमा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
वहीं, प्रशासन ने लोगों को सख्त हिदायत दी है कि जब बिजली कड़क रही हो, तो खुले मैदानों, बिजली के खंभों या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बिल्कुल बचें.
ये भी पढ़े: दिल्ली साकेत में पांच मंजिला इमारत गिरी, 11 लोगों को बचाया गया
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


