पीएम मोदी शुक्रवार को दमन दौरे पर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने लगभग 2,970 करोड़ रुपए की 56 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. मुख्य परियोजनाओं में नमो अस्पताल और नमो एयरपोर्ट का उद्घाटन शामिल है. पीएम मोदी के दमन पहुंचने पर भाजपा नेता अस्पी दमानिया ने समाचार एजेंसी आईएएनएस (IANS) से बात करते हुए कहा, “पीएम मोदी के दमन पहुंचने से यहां त्योहार जैसा माहौल है.”
समर्थकों ने जताया आभार, कहा- ‘हमारे लिए बहुत कुछ किया’
प्रधानमंत्री के आगमन पर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह दिखा. एक समर्थक ने आईएएनएस से कहा, “पीएम मोदी ने हमारे लिए बहुत कुछ किया है. उन्होंने अस्पताल खोले हैं, स्कूल बनवाए हैं और कई इंजीनियरिंग कॉलेज भी स्थापित किए हैं. मैं उन्हें भगवान मानता हूं. वे हमारे लिए सब कुछ करते हैं.”
एक अन्य समर्थक ने कहा, “छोटा इलाका होने के बावजूद यहां इतना विकास हुआ है और इतनी बड़ी-बड़ी सुविधाएं दी जा रही हैं.” वहीं एक स्थानीय निवासी ने भावुक होते हुए कहा, “अब तक हमने उन्हें सिर्फ टीवी पर ही देखा था. आज उन्हें सामने से देखा. हम प्रार्थना करते हैं कि वे हर साल प्रधानमंत्री बने रहें.”
10 दिनों से सज रहा था दमन, मिले अकल्पनीय तोहफे
स्थानीय लोगों ने कहा कि पिछले 10 दिनों से हम पूरे दमन जिले को सजाने-संवारने में दिन-रात जुट गए थे. दमन को ऐसे बड़े तोहफे मिले हैं, जिनके बारे में हमने कभी सोचा भी नहीं था. स्थानीय लोगों ने कहा कि नमो एयरपोर्ट और नमो अस्पताल जैसी परियोजनाएं स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेंगी. हम लोगों में पीएम के स्वागत को लेकर जबरदस्त उत्साह दिख रहा है.
2,970 करोड़ रुपए की परियोजनाओं से बुनियादी ढांचे को मिलेगी गति
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दमन में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य सेवाओं, पर्यटन और बुनियादी ढांचे को नई गति देना है. इस दौरान प्रधानमंत्री ने नमो एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया, जिससे दमन और पूरे केंद्र शासित प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी और पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा.
ये भी पढ़ें: ‘शिवराज्याभिषेक दिवस’ पर देश भर में उत्साह: गृह मंत्री अमित शाह ने छत्रपति शिवाजी महाराज को किया नमन
प्रधानमंत्री ने नमो अस्पताल का भी उद्घाटन किया. इसके अलावा आइकॉनिक ब्रिज, दमन कन्वेंशन सेंटर और निफ्ट (NIFT) कैंपस जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई. वहीं लक्षद्वीप के कल्पेनी और कदमत द्वीपों में आधुनिक मल्टीपर्पज जेटी और पोर्ट सुविधाओं के निर्माण की भी शुरुआत की गई.
नोट- यह खबर एजेंसी (IANS) फीड से सीधे पब्लिश की गई है. इसमें किसी भी जानकारी को नहीं बदला गया है. खबर को पढ़ने लायाक बनाने के लिए लिए केवल हेडलाइन बदली गई है. वहीं पैराग्राफ से पहले सबहेड जोड़े गए हैं. इस स्टोरी को लेकर भारत एक्सप्रेस की किसी भी तरह की नैतिक जिम्मेदारी नहीं होगी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

