Bharat Express DD Free Dish

शादी-बारात के लिए ऐसे बुक करें पूरी स्पेशल ट्रेन; जानें क्या है FTR प्लान और उसके नियम?

भारतीय रेलवे की FTR योजना के तहत शादी, तीर्थयात्रा या ग्रुप टूर के लिए पूरा कोच या स्पेशल ट्रेन बुक की जा सकती है. यात्रा से 30 दिन पहले IRCTC पोर्टल पर आवेदन करना होता है. जानें कैसे होता है आवेदन?

How To Book A Whole Train Coach For Wedding FTR Rules Cost

AI IMAGE

शादी का सीजन हो, दोस्तों के साथ ट्रिप या फिर किसी तीर्थ यात्रा पर जाना हो तो सबसे बड़ा सिरदर्द होता है पूरी टोली के लिए एक साथ कंफर्म टिकट पाना. लेकिन भारतीय रेलवे आपको केवल एक-दो सीटें नहीं, बल्कि पूरा का पूरा कोच या पूरी स्पेशल ट्रेन ही किराये पर लेने की सुविधा देता है. रेलवे की इस खास सर्विस को एफटीआर (Full Tariff Rate) कहा जाता है.

कैसे काम करती है यह सुविधा?

अगर आप पूरी ट्रेन या कुछ डिब्बे बुक करना चाहते हैं, तो आपको IRCTC के FTR पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा. नियम के अनुसार, आप अपनी यात्रा से अधिकतम 6 महीने पहले और कम से कम 30 दिन पहले बुकिंग के लिए अप्लाई कर सकते हैं. हालांकि, ध्यान रहे कि आवेदन करने मात्र से बुकिंग कंफर्म नहीं होती. रेलवे अपने पास उपलब्ध डिब्बों और रूट के ट्रैफिक को देखने के बाद ही इसे हरी झंडी देता है. एक स्पेशल ट्रेन में आप अधिकतम 24 डिब्बे बुक कर सकते हैं.

जेब पर कितना पड़ेगा असर?

पूरा कोच या ट्रेन बुक करने का खर्च तय नहीं होता, यह आपके रूट और कोच के टाइप (AC या स्लीपर) पर निर्भर करता है. लेकिन रेलवे इसके लिए एक एडवांस रजिस्ट्रेशन फीस लेता है:

  • एक कोच के लिए: आपको प्रति कोच ₹50,000 की रजिस्ट्रेशन राशि देनी होगी.
  • पूरी ट्रेन के लिए: इसके लिए कम से कम ₹9 लाख रुपये एडवांस जमा करने होंगे. रेलवे इसकी गणना न्यूनतम 18 डिब्बों के आधार पर करता है, भले ही आपको उससे कम डिब्बों की जरूरत हो.

अगर किसी वजह से आप यात्रा रद्द करते हैं, तो रेलवे के नियमों के तहत तय कैंसिलेशन चार्ज काटकर बाकी पैसा वापस मिल जाता है. तो अगली बार जब बड़ा ग्रुप ले जाना हो, तो आप भारतीय रेल के इस सुविधा का उपयोग कर सकते है.

ये भी पढ़ें: ‘मैं हूं सबसे योग्य…’ राम मंदिर का CEO बनने के लिए पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने ठोंका दावा

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read