Bihar Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने पूरे शहर को दहला कर रख दिया है. मिठनपुरा थाना इलाके के पॉश रामबाग मोहल्ले में अपराधियों ने बेखौफ अंदाज में घर में घुसकर एक बुजुर्ग दंपत्ति की निर्मम हत्या कर दी. मृतकों की पहचान रिटायर्ड बैंककर्मी अशोक कुंवर और उनकी पत्नी नीलम कुंवर के रूप में हुई है. रिहायशी इलाके में हुए इस डबल मर्डर से आसपास के लोगों में भारी दहशत और गुस्सा देखा जा रहा है.
पूरी प्लानिंग से आए थे कातिल
शुरुआती जांच और पुलिस खुलासे में जो बातें सामने आई हैं वे बेहद चौंकाने वाली हैं. अपराधियों ने इस हत्याकांड को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया. एसएसपी राकेश कुमार के मुताबिक हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे. उनके पास झोला, डक्ट टेप और सर्जिकल ग्लव्स थे.
अपराधियों ने शाम लगभग साढ़े चार बजे इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. हत्यारों ने अशोक कुंवर पर घर के ग्राउंड फ्लोर पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया, जबकि उनकी पत्नी नीलम कुंवर का शव छत पर मिला, जिनके चेहरे पर टेप लपेटने के निशान थे. मौके से पुलिस को खून से सने दस्ताने और कातिलों का सामान मिला है, जिससे साफ जाहिर होता है कि वे पूरी प्लानिंग के साथ आए थे और कोई सुराग पीछे नहीं छोड़ना चाहते थे.
ये भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में दो ढाबा मालिकों के बीच खूनी रंजिश: मैनेजर को बंधक बना पीटा, थूक चटवाया; दोनों पक्षों पर FIR दर्ज
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पूरे इलाके को सील कर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से सबूत जुटाए गए हैं. पुलिस फिलहाल आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि कातिलों के आने-जाने के रास्ते का सुराग मिल सके.
शुरुआती पूछताछ में परिजनों की तरफ से संपत्ति विवाद की बात भी सामने आई है हालांकि पुलिस का कहना है कि लूटपाट का विरोध या आपसी रंजिश समेत सभी कोणों पर जांच जारी है. पुलिस अधिकारियों का दावा है कि एसआईटी का गठन कर दिया गया है और जल्द ही इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

