जंतर-मंतर पर लगातार जारी धरना-प्रदर्शन और मेट्रो सेवाओं के प्रभावित होने के बीच दिल्ली के लोगों के मन में एक नया डर बैठ गया है. क्या लुटियंस दिल्ली और जंतर-मंतर के आसपास फूड डिलीवरी, कैब और ई-कॉमर्स सेवाएं बंद होने जा रही हैं? यह सवाल दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी एक नई एडवाइजरी के बाद तेजी से उठने लगा है.
बैन नहीं, लेकिन आवाजाही होगी मुश्किल
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपनी हालिया एडवाइजरी में किसी सेवा पर पूरी तरह बैन लगाने की घोषणा तो नहीं की है, लेकिन जिस तरह की हिदायतें दी गई हैं, उससे साफ है कि डिलीवरी बॉयज और आम लोगों को इन इलाकों में जाने में भारी मशक्कत करनी पड़ेगी.
एडवाइजरी में बताया गया है कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है. इसके तहत 5 या उससे ज्यादा लोगों के एक जगह इकट्ठा होने पर पाबंदी है.
ट्रैफिक पुलिस ने दी हैं ये सलाह:
- ई-कॉमर्स और लॉजिस्टिक्स कंपनियां: कंपनियां अपने काम-काज को इस इलाके में सीमित या नियंत्रित रखें.
- फूड डिलीवरी और राइड-हेलिंग (कैब/बाइक ऐप): प्रतिबंधित और संवेदनशील इलाकों में डिलीवरी और राइड्स की आवाजाही कम करने की सलाह दी गई है.
- आम नागरिक: जब तक कोई बहुत जरूरी काम न हो, तब तक इन नोटिफाइड इलाकों की यात्रा से बचें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें.
जंतर-मंतर पर सबसे ज्यादा असर
हालांकि, ट्रैफिक पुलिस ने अपनी एडवाइजरी में किसी खास जगह का नाम सीधे तौर पर दर्ज नहीं किया है, लेकिन हर कोई जानता है कि जंतर-मंतर और लुटियंस जोन में ही प्रदर्शनकारियों का जमावड़ा है. भारी भीड़ और पुलिस की कड़ी सुरक्षा के कारण इन इलाकों में ऑनलाइन ऑर्डर मिलने में देरी हो सकती है या डिलीवरी कैंसिल भी हो सकती है.
ये भी पढ़ें: ‘साउथ में एक्टर्स बन जाते हैं सीधे सीएम…’ रवि किशन के बयान की चर्चा, क्या थलपति विजय पर कसा तंज?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

