अखिलेश यादव के बयान पर राजभर की तीखी प्रतिक्रिया
UCC Controversy: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को ‘अंडरग्राउंड कम्युनल कांस्पीरेसी’ कहकर विवाद खड़ा कर दिया. इस पर बीजेपी नीत एनडीए के नेताओं ने उन्हें घेरते हुए कहा कि यह तुष्टिकरण की राजनीति का हिस्सा है और उनके शब्दों के पीछे की सोच साफ झलकती है.
ओमप्रकाश राजभर का अखिलेश पर हमला
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव मुसलमानों को लेकर ज्यादा चिंतित रहते हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर अखिलेश को इतना ही हमदर्दी है तो उन्हें यह ऐलान कर देना चाहिए कि सपा सरकार बनने पर मुस्लिम मुख्यमंत्री बनाया जाएगा. राजभर ने याद दिलाया कि मुसलमानों ने चार बार वोट देकर अखिलेश को सत्ता दिलाई, अब उनका कर्तव्य है कि उन्हें भी नेतृत्व का मौका दें.
नरेंद्र कश्यप ने क्या कहा?
मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि समाजवादी पार्टी UCC परिभाषा बदलकर अपने अहंकार को दिखा रही है. उन्होंने कहा कि गृहमंत्री की घोषणा की सराहना होनी चाहिए थी लेकिन सपा ने इसे नकारात्मक रूप दिया. कश्यप का दावा है कि यही रवैया 2027 में सपा के पतन का कारण बनेगा.
संजय निषाद ने क्या तर्क दिया?
NDA नेता संजय निषाद ने कहा कि अखिलेश यादव गलत सलाहकारों की वजह से सत्ता से बाहर हैं. उन्होंने कहा कि संविधान सामाजिक न्याय की बात करता है और यह तभी संभव है जब सबके लिए समान कानून हो. निषाद ने सवाल उठाया कि क्या मुस्लिम महिलाएं मतदाता नहीं हैं? उन्होंने कहा कि धर्म जीने का आधार है, लेकिन अधिकार सबको बराबरी से मिलने चाहिए.
ये भी पढ़ें-जज्बे से चौंका देश! डिलीवरी के 6 दिन बाद काम लौटीं वायनाड कलेक्टर, मैटरनिटी लीव पर क्या कहा?
UCC को लेकर अखिलेश यादव के बयान ने बीजेपी खेमे में तीखी प्रतिक्रिया पैदा कर दी है. एनडीए नेताओं का कहना है कि समान कानून ही सामाजिक न्याय और विकास का आधार है, जबकि अखिलेश इसे सांप्रदायिक साजिश बता रहे हैं. इस मुद्दे पर दोनों पक्षों की बयानबाजी से आने वाले दिनों में सियासी गर्मी और बढ़ने की संभावना है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




