नवादा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Bihar Liquor Raid: अमन/नवादा: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब माफिया तस्करी के नए-नए तरीके अपनाने से बाज नहीं आ रहे हैं. ताजा मामला नवादा जिले से सामने आया है, जहां उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध विदेशी शराब की एक बड़ी खेप बरामद की है. इस दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही लग्जरी महिंद्रा XUV-500 गाड़ी को भी जब्त किया गया है.
गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल
मिली जानकारी के मुताबिक, उत्पाद विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि नारदीगंज थाना क्षेत्र के मियां बिगहा गांव के रास्ते विदेशी शराब की बड़ी डिलीवरी होने वाली है.
सूचना मिलते ही आबकारी टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी. जैसे ही संदिग्ध XUV-500 गाड़ी वहां पहुंची, टीम ने उसे रोकने का इशारा किया. हालांकि, खुद को घिरता देख चालक चकमा देकर मौके से भाग निकला, लेकिन गाड़ी में सवार दूसरा शख्स पकड़ा गया.
गाड़ी से निकला नाबालिग
जब पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली, तो उसमें से कुल 216 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई. पकड़े गए शख्स से जब पूछताछ की गई, तो पता चला कि वह एक नाबालिग है.
पुलिस ने नाबालिग को विधिवत अभिरक्षा में ले लिया है और उससे नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. वहीं, फरार चालक को पकड़ने के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
नेटवर्क खंगालने में जुटी उत्पाद विभाग की टीम
उत्पाद विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे नवादा में किसे डिलीवर किया जाना था, इस पूरे सिंडिकेट का पता लगाया जा रहा है. अधिकारियों ने साफ किया है कि जिले में शराब माफिया के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें: अलीगढ़ से लखीमपुर तक: किसी के सगे नहीं ये 10 जिले, 2012 में सपा को दिया राज तो 2022 में बीजेपी को दिया ताज
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


