सीएम योगी के आवास के पास टावर पर चढ़ी महिला
Lucknow Woman Climbs Tower: लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब आगरा की रहने वाली एक महिला जमीन विवाद को लेकर एक टावर पर चढ़ गई. महिला का आरोप है कि उसकी करीब डेढ़ बीघा जमीन पर कब्जा कर लिया गया है. वह स्थानीय स्तर पर कई बार शिकायत कर चुकी है लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं किया गया. जिसके बाद वो आगरा से लखनऊ पहुंची और मुख्यमंत्री आवास के पास मौजूद टावर पर चढ़ गई.
यह पूरा मामला हजरतगंज थाना क्षेत्र के पार्क रोड इलाके का है. टावर पर चढ़ने वाली महिला की पहचान तुलसा के रूप में हुई है. जैसे ही पुलिस को इस मामले की जानकारी लगी मौके पर भारी पुलिस बल और दमकल की टीम पहुंच गई. काफी देर तक उसे समझाने की कोशिश की गई. इसके बाद महिला टावर से नीचे उतरी.
डेढ़ बीघा जमीन पर कब्जे का आरोप
तुलसा का आरोप है कि मान सिंह नाम के व्यक्ति ने उसकी करीब डेढ़ बीघा जमीन पर कब्जा कर लिया है. पीड़िता के मुताबिक जब उसने जमीन को लेकर विरोध किया तो उसे धमकी भी दी गई.

उसने अपनी समस्या को लेकर तहसील से लेकर जिला प्रशासन तक शिकायत की थी. पर कई जगह शिकायत करने के बावजूद उसे जमीन नहीं मिल सकी. महिला का आरोप है कि अधिकारी उसकी सुनवाई तक नहीं कर रहे. जिससे नाराज होकर वो आगरा से लखनऊ पहुंची और टावर पर चढ़ गई.
पुलिस-दमकल ने सुरक्षित उतारा
महिला के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं. काफी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद तुलसा को नीचे उतारा गया. इसके बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू की.
ये भी पढ़ें- बप्पा की भक्ति या पर्यावरण से खिलवाड़? UK की नदी में विसर्जन का वीडियो देख भड़के लोग
अब बड़ा सवाल यह है कि आगरा में जमीन विवाद को लेकर की गई शिकायतों पर स्थानीय स्तर पर क्या कार्रवाई हुई और अगर तुलसा की शिकायत पहले ही गंभीरता से सुनी गई होती तो क्या उसे लखनऊ में इस तरह विरोध करने के लिए मजबूर होना पड़ता?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

