Victim Mother Statement- bharat express
Victim Mother Statement: जुमई कांड में पीड़ित छात्रा की मां ने घटना के समय बेटी के साथ मौजूद उसके सहपाठी लड़के को लेकर सकारात्मक बात कही है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात के बाद जागरण से बातचीत में उन्होंने कहा कि लड़का बहुत अच्छा है. घटना के दौरान दोनों ने मुश्किल परिस्थितियों में एक-दूसरे का साथ दिया और हिम्मत से काम लेते हुए घर तक पहुंचे, यह अपने आप में बड़ी बात है.
घटना के बाद काफी डर गई थी बेटी
छात्रा की मां ने बताया कि उन्हें 20 सितंबर की शाम करीब सात से आठ बजे घटना की जानकारी मिली. बाहर से कुछ जानकारी मिलने के बाद जब उन्होंने बेटी से घटना के बारे में पूछा तो उसने पूरी बात बताई. इसके बाद परिवार प्रशासन के पास पहुंचा और मामले में कार्रवाई शुरू हुई. मां के अनुसार, घटना के बाद उनकी बेटी काफी डर गई थी, लेकिन मुश्किल समय में दोनों ने एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ा. परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जताया. मां ने कहा कि पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई की है और अब तक की कार्रवाई से वह पूरी तरह संतुष्ट हैं.
आरोपितों को जल्द मिले न्यायालय से सजा
मुख्य आरोपित के पुलिस मुठभेड़ में घायल होने को लेकर पूछे गए सवाल पर छात्रा की मां ने कोई टिप्पणी करने से दूरी बनाई. उन्होंने कहा कि प्रशासन अपना काम कर रहा है. परिवार की इच्छा है कि सभी आरोपितों को जल्द न्यायालय से सजा मिले. छात्रा के पिता ने बताया कि उन्हें भी 20 सितंबर की रात करीब आठ बजे घटना की जानकारी मिली थी. उन्होंने कहा कि उनकी बेटी अभी छोटी है और घटना के बाद काफी डर गई थी. जानकारी मिलते ही परिवार प्रशासन के पास पहुंचा. पिता ने एसपी, डीएम और पूरे प्रशासन की कार्रवाई पर संतोष जताते हुए कहा कि न्यायालय जो सजा उचित समझे, वह जल्द और सख्त होनी चाहिए.
मुख्यमंत्री नहीं, अभिभावक की तरह मिले
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात को लेकर छात्रा की मां ने कहा कि उन्हें ऐसा महसूस ही नहीं हुआ कि वह मुख्यमंत्री से मिल रही हैं. उन्होंने अभिभावक की तरह परिवार की बात सुनी. मां के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने उनकी बेटी को बहादुर बच्ची बताया और पढ़ाई, सुरक्षा समेत जरूरत के समय हरसंभव मदद का भरोसा दिया.
यह भी पढ़ें: आसमान उगलेगा आग…सूख जाएंगी नदियां, क्या भारत झेलने वाला है इतिहास का सबसे खतरनाक मौसम?
समाज से एकजुट रहने की अपील
मां ने जमुई, बिहार और देश के लोगों द्वारा परिवार को मिले समर्थन के लिए आभार जताया. उन्होंने समाज से अपराध के खिलाफ इसी तरह एकजुट रहने की अपील की. उनका कहना है कि समाज की एकजुटता से पीड़ित परिवार को हिम्मत मिलती है और अपराधियों में कानून का भय पैदा होता है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



