सोशल मीडिया किसी भी मीम, वीडियो, पोस्ट या खबर का वायरल होना हर रोज की बात है. इसी बीच एक और पोस्ट इसी वायरल की सूची में आ चुका है. हाल ही में एक प्रतिष्ठित अखबार में छपी खबर अब तेजी से इंटरनेट पर फैल रही है.
इससे दावा किया जा रहा है कि अमेरिका में एक महिला ने इंसानी बच्चे की जगह चार कुत्तों को जन्म दिया.
क्या है वायरल दावा?
दरअसल, सोशल मीडिया पर किसी यूजर ने एक प्रतिष्ठित अखबार के कटआउट को पोस्ट किया. इस खबर की हेडलाइन में लिखा था, ‘अमेरिका में महिला ने दिया चार कुत्तों को जन्म! डॉक्टर भी रह गए हैरान’

बस देखते ही देखते यह पोस्ट वायरल हो गया और सोशल मीडिया पर मौजूद अन्य यूजर इसे शेयर करने लगे.
क्या सच में महिला ने दिया कुत्तों को जन्म?
इस खबर की जांच के लिए सबसे पहले इंटरनेट पर संबंधित कीवर्ड्स से खोज की गई, तो किसी भी भरोसेमंद न्यूज एजेंसी या मेडिकल रिपोर्ट में ऐसी कोई खबर नहीं मिली.
इसके बाद जिस अखबार का कटआउट वायरल हो रहा है, उसके नई दिल्ली संस्करण को खोज उससे मिलान किया गया. 23 सितंबर 2025 के मूल ई-पेपर की जांच करने पर पता चला कि असली अखबार का लेआउट और खबरें वायरल हो रही क्लिपिंग से बिल्कुल अलग थीं. यानी किसी ने फर्जी खबर गढ़ने के लिए मास्टहेड का गलत इस्तेमाल किया था.
अखबार की कटिंग की बनावट संदेहास्पद लगने पर इसे एडवांस एआई डिटेक्टर टूल्स की मदद से चेक किया गया. जांच में तस्वीर के अंदर ‘SynthID’ वॉटरमार्क पाया गया, जो यह साबित करता है कि यह तस्वीर किसी इंसानी रिपोर्टर ने नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल से तैयार की गई है.
क्या कहते हैं साइंस एक्सपर्ट्स?
वैज्ञानिक और आनुवंशिकी (Genetics) विशेषज्ञों के अनुसार, किसी इंसान द्वारा जानवर को जन्म देना जैविक रूप से पूरी तरह असंभव है. इंसानों और कुत्तों की डीएनए संरचना में बहुत बड़ा अंतर होता है. जहां एक इंसान में 46 क्रोमोसोम होते हैं, वहीं कुत्तों में 78 क्रोमोसोम पाए जाते हैं. इस बड़े जेनेटिक अंतर के कारण इंसानी अंडाणु और कुत्ते के शुक्राणु से कभी भ्रूण बन ही नहीं सकता.
इस जांच से साफ है कि अमेरिका में महिला द्वारा चार कुत्तों को जन्म देने का दावा पूरी तरह झूठा और भ्रामक है. ऐसे में किसी भी पोस्ट, वीडियो पर आंख मूंद भरोसा न करें.
यह भी पढ़ें: क्या जमुई दुष्कर्म के अपराधी से मिले अखिलेश यादव? सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



