दिल्ली-NCR के ऊपर घने काले बादल और तेज बारिश का प्रतीकात्मक सिनेमैटिक दृश्य
Weather Update Today: मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ों तक हो रही मूसलाधार बारिश और भारी बर्फबारी से यूपी से लेकर नेपाल तक हालात बेहद बिगड़ गए हैं. उत्तर प्रदेश में आफत की बारिश के चलते मकान और दीवारें गिरने से रविवार को 32 लोगों की जान चली गई, वहीं पिछले दो दिनों में मौतों का आंकड़ा 90 तक पहुंच गया है. मौसम विभाग ने आज सोमवार को भी कई राज्यों में आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है.
दिल्ली में टूटा 18 साल का रिकॉर्ड(Delhi Weather Update)
पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश का सीधा असर दिल्ली-एनसीआर के मौसम पर देखने को मिला है. दिल्ली में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात पिछले 18 वर्षों में सितंबर महीने की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई.
राजधानी का न्यूनतम तापमान गिरकर 21.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो इससे पहले 6 सितंबर 2008 को 20.8 डिग्री दर्ज हुआ था. हालांकि, तेज बारिश और ठंडी हवाओं के चलते दिल्ली की हवा साफ हुई है और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 50 से 100 के बीच आ गया है.
भारी बर्फबारी से चारधाम यात्रा रुकी(Weather Update September 2026)
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. उत्तराखंड में गंगोत्री, यमुनोत्री, गोमुख ट्रैक और नेलांग घाटी में 1 से 4 फीट तक बर्फ गिर चुकी है, जिसके चलते सुरक्षा के लिहाज से चारों धामों की यात्रा लगातार दूसरे दिन भी स्थगित रखी गई है.
उत्तरकाशी के गंगोत्री ग्लेशियर के बेस कैंप पर ट्रैकिंग के लिए गए 136 पर्वतारोही फंसे हुए हैं, हालांकि वे सभी सुरक्षित हैं. वहीं हिमाचल के रोहतांग, किन्नौर और स्पीति में रास्ते बंद हो गए हैं, जहां चोरी-छिपे किन्नौर कैलाश यात्रा पर गए राजस्थान और गुजरात के 9 श्रद्धालुओं को रेस्क्यू किया गया है.
नेपाल में तबाही से यूपी के जिलों में बाढ़ का खतरा
नेपाल में हो रही लगातार भारी बारिश के चलते उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और बस्ती मंडल में बाढ़ का भयंकर खतरा मंडराने लगा है. सिद्धार्थनगर में बूढ़ी राप्ती नदी खतरे के निशान से 91 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है. उधर नेपाल के मनांग में 7,126 मीटर ऊंचे हिमलुंग हिमाल के बेस कैंप में भयंकर हिमस्खलन (Avalanche) की चपेट में आने से 2 पर्वतारोहियों की मौत हो गई है, जबकि 10 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें- Bank Strike के बीच राहत की खबर: रविवार को खुलेंगे बैंक, जानिए अब कितने दिन रहेंगे बंद?
बारिश-आंधी का अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार सोमवार को भी मौसम का मिजाज खराब रहेगा. उत्तराखंड में तेज गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. वहीं दिल्ली-एनसीआर में दिनभर बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर आंधी के साथ हल्की बारिश या बौछारे पड़ने का अनुमान है. प्रशासन ने लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने और खराब मौसम में पहाड़ी रास्तों पर सफर न करने की सलाह दी है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

