मेरठ में सरिया लूटकांड का खुलासा
Meerut Steel Rod Robbery: मेरठ में कैंटर समेत करीब 10 टन सरिया लूटने के मामले में जानी थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को पकड़ने के दौरान मुठभेड़ हुई, जिसमें अमनीत उर्फ धर्म सिंह पैर में गोली लगने से घायल हो गया. पुलिस ने मौके से लूटा गया सरिया, दो आईसर कैंटर और अवैध हथियार व कारतूस बरामद करने का दावा किया है. वहीं, इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है.
चालक से मारपीट कर लूटा था कैंटर
पुलिस के अनुसार, वारदात 19 अक्टूबर को मेरठ के जानी थाना क्षेत्र में जानी नहर पुल के पास हुई थी. यहां बदमाशों ने कैंटर चालक विकास कुमार को कथित तौर पर मारपीट कर तमंचे के बल पर धमकाया और कैंटर समेत उसमें लदा करीब 10 टन सरिया लेकर फरार हो गए. घटना के बाद वाहन मालिक रंजीत कुमार ने पुलिस से शिकायत की. इसके आधार पर 20 अक्टूबर को जानी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश और लूटे गए माल की बरामदगी के लिए तीन टीमें गठित की थीं. पुलिस लगातार संदिग्धों की जानकारी जुटा रही थी.
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस का कहना है कि 20 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में शामिल आरोपी शिवाल पुल से मोहिउद्दीनपुर जाने वाले रास्ते पर लूटे गए सरिये को वाहन में लोड कर रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की.
पुलिस के मुताबिक, इस दौरान आरोपियों ने टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में अमनीत उर्फ धर्म सिंह के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया गया. मौके से दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया.
ये भी पढ़ें: ‘हाथी के दांत दिखाने के और…’ 500 से ज्यादा हथियारों की पूजा के बाद राजा भैया का बयान हुआ VIRAL
हथियार और दो कैंटर बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सरिया, दो आईसर कैंटर, .315 बोर के दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं. फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और बरामदगी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
एसपी देहात अभिजीत कुमार के मुताबिक, पुलिस टीम लूट की घटना के बाद से ही आरोपियों की तलाश में जुटी थी. मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि फरार दो आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



