Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

गृहमंत्री अमित शाह ने चारमीनार के पास भाग्यलक्ष्मी मंदिर में की पूजा, हैदराबाद में भाजपा की महा पदयात्रा का करेंगे नेतृत्व

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को ऐतिहासिक चारमीनार के पास स्थित भाग्यलक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना की. उन्होंने भाजपा द्वारा आयोजित ‘महा पदयात्रा’ का नेतृत्व करने के लिए हैदराबाद पहुंचने के तुरंत बाद पुराने शहर में स्थित इस मंदिर का दौरा किया और पूजा-अर्चना की.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को हैदराबाद पहुंचे, जहां उन्होंने अपने कार्यक्रम की शुरुआत पुराने शहर में स्थित प्रसिद्ध भाग्यलक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ की. ऐतिहासिक चारमीनार के पास बने इस मंदिर में अमित शाह ने विशेष पूजा की. इस दौरान उनके साथ केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी और तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव भी मौजूद रहे.

अमित शाह का यह दौरा भाजपा की ओर से आयोजित ‘महा पदयात्रा’ के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है. वह इस पदयात्रा का नेतृत्व करने के लिए हैदराबाद पहुंचे हैं. मंदिर में दर्शन करने से पहले बेगमपेट हवाई अड्डे पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. इस मौके पर केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार, जी. किशन रेड्डी, रामचंद्र राव, भाजपा सांसद और कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे.

भाजपा ने देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता दूर करो’ नाम से अभियान शुरू किया है. इसी अभियान के तहत हैदराबाद में महा पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है. यह मार्च बशीरबाग स्थित बाबू जगजीवन राम की प्रतिमा से शुरू होकर मोअज्जम जाही बाजार तक पहुंचेगा.

इस पदयात्रा के आयोजन के पीछे भाजपा का मकसद इंडिया ब्लॉक की ओर से चलाए जा रहे एसआईआर विरोधी अभियान का राजनीतिक जवाब देना है. पार्टी नेताओं का कहना है कि लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के लिए लोगों को एकजुट होकर इस मार्च में शामिल होना चाहिए.

पदयात्रा के बाद अमित शाह मोअज्जम जाही मार्केट में एक नुक्कड़ सभा को भी संबोधित करेंगे. माना जा रहा है कि इस दौरान वह दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को हुई विपक्ष की रैली में भाजपा के खिलाफ उठाए गए सवालों का जवाब दे सकते हैं.

रामचंद्र राव ने मंदिर में पूजा के बाद कांग्रेस पर साधा निशाना

तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने भी भाग्यलक्ष्मी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि उन्होंने देश में अराजकता फैलाने की कोशिश करने वाली ताकतों से मुकाबला करने की शक्ति मिलने की प्रार्थना की है.

इससे पहले रामचंद्र राव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला था. उन्होंने कहा कि तेलंगाना की जनता कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी, क्योंकि पार्टी ने देश को अराजकता की ओर धकेलने की कोशिश की है. राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि देश दंगा भड़काने वाली राजनीति से नहीं, बल्कि संविधान और जनता के जनादेश से चलेगा.

जल संकट को लेकर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पर भी हमला

रामचंद्र राव ने दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विपक्षी रैली में तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की मौजूदगी पर भी सवाल उठाए. उनका आरोप है कि एक तरफ तेलंगाना के कई इलाके जल संकट का सामना कर रहे हैं, वहीं मुख्यमंत्री और उनका प्रशासन इस समस्या पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहा है.

भाजपा नेता ने दावा किया कि मुख्यमंत्री का पूरा ध्यान दिल्ली की रैली को सफल बनाने पर था, जबकि तेलंगाना में पानी की समस्या को लेकर जरूरी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य की समस्याओं को प्राथमिकता देने के बजाय मुख्यमंत्री ऐसी राजनीतिक गतिविधियों में व्यस्त हैं, जिनका मकसद अवैध घुसपैठियों के वोटों की रक्षा करना है.

ये भी पढ़ें: मोकामा के ‘छोट सरकार’ की विधायकी पर मंडराया काला साया! 7 दिन का अल्टीमेटम, क्या खत्म होगा अनंत सिंह का राज?



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital