प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पुणे में मेट्रो पिंक लाइन का उद्घाटन किया. इस मौके पर उन्होंने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित किया और पुणे के विकास में मेट्रो कनेक्टिविटी की भूमिका पर बात की. पीएम मोदी ने कहा कि त्योहारों की खुशियां उस समय और बढ़ जाती हैं, जब लोगों की जिंदगी में कोई नई सुविधा जुड़ती है. पुणे के लोगों के लिए आज का दिन भी कुछ ऐसा ही है. शहर को मेट्रो की एक और लाइन मिलने से लोगों का सफर आसान होगा और विकास को नई रफ्तार मिलेगी.
प्रधानमंत्री ने कहा कि करीब 10 साल पहले उन्हें पुणे मेट्रो के पहले चरण के काम का शिलान्यास करने का अवसर मिला था. अब हिंजवड़ी से शिवाजीनगर के बीच मेट्रो सेवा शुरू होने से शहर के बड़े आईटी हब को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. इसके अलावा, जिस नई लाइन पर काम शुरू किया गया है, उससे पुणे के पुराने और नए इलाकों के बीच आवाजाही और आसान होगी. उन्होंने इस उपलब्धि के लिए पुणे और महाराष्ट्र के लोगों को बधाई भी दी.
आईटी और उद्योगों के लिए अहम है पुणे
पीएम मोदी ने कहा कि पुणे सिर्फ महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए रोजगार, अवसर और नए सपनों का शहर है. आईटी, ऑटोमोबाइल, फार्मा, स्टार्टअप, इनोवेशन और मैन्युफैक्चरिंग जैसे कई क्षेत्रों में पुणे ने अपनी अलग पहचान बनाई है. ऐसे में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार शहर की आर्थिक गतिविधियों को और गति दे सकता है.
उन्होंने कहा कि पहले किसी शहर की पहचान वहां के उद्योग, खान-पान या खास फसल से होती थी, लेकिन अब शहरों को परखने के पैमाने भी बदल रहे हैं. आज यह देखना जरूरी है कि कोई शहर कितना प्रतिस्पर्धी है और वहां रहने वाले लोगों को कितनी बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं. यानी शहर में रोजगार के अवसरों के साथ-साथ लोगों का जीवन कितना आसान है. पीएम मोदी के मुताबिक, मेट्रो जैसी सुविधाएं इन दोनों ही पहलुओं को मजबूत करती हैं.
मेट्रो से बचेगा समय, बढ़ेगी शहर की उत्पादकता
प्रधानमंत्री ने कहा कि मेट्रो का विस्तार होने से लोगों को ट्रैफिक की परेशानी से राहत मिलेगी और उनका काफी समय बचेगा. जब किसी शहर के लोगों का समय बचता है, तो वे अपने काम को ज्यादा बेहतर तरीके से कर पाते हैं. इससे शहर की उत्पादकता बढ़ती है और अंत में इसका फायदा देश की अर्थव्यवस्था को मिलता है. अर्थव्यवस्था मजबूत होने का लाभ गरीब और मध्यम वर्ग, दोनों तक पहुंचता है.
उन्होंने इस परियोजना को जनहित और बेहतर प्रशासन का उदाहरण बताया. पीएम मोदी ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि शहरों में रहने वाले लोगों को आने-जाने के लिए बेहतर और सुविधाजनक विकल्प मिलें.
2014 से पहले सिर्फ 5 शहरों में चलती थी मेट्रो
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने देश में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि साल 2014 तक भारत के सिर्फ पांच शहरों में मेट्रो सेवा उपलब्ध थी. अगर पहले की तरह ही काम होता रहता, तो पुणे तक मेट्रो पहुंचने में कई दशक और लग सकते थे.
पीएम मोदी ने कहा कि 2014 में एनडीए सरकार बनने के बाद शहरी मध्यम वर्ग के जीवन को आसान बनाने और परिवहन सुविधाओं को बेहतर करने पर विशेष ध्यान दिया गया. पिछले 12 वर्षों में देश के मेट्रो नेटवर्क में बड़ा बदलाव आया है. आज हर दिन एक करोड़ से ज्यादा लोग मेट्रो से सफर कर रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि भारत का मेट्रो नेटवर्क अब दुनिया के तीन सबसे बड़े मेट्रो नेटवर्क में शामिल है.
विकसित भारत के निर्माण में इंफ्रास्ट्रक्चर की बड़ी भूमिका
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना पूरा करने के लिए देश का हर नागरिक अपनी क्षमता के अनुसार योगदान दे रहा है. आज देश में बड़े लक्ष्य हासिल करने का आत्मविश्वास दिखाई दे रहा है. यही भरोसा विकास की रफ्तार को आगे बढ़ा रहा है.
उन्होंने बीते 12 वर्षों में हुए बुनियादी ढांचे के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि गांवों की सड़कों से लेकर हाईवे और एक्सप्रेसवे तक, रेलवे लाइनों के विद्युतीकरण से लेकर लंबी सुरंगों और बड़े पुलों के निर्माण तक कई परियोजनाओं पर काम हुआ है. देश के अलग-अलग हिस्सों में नए प्रोजेक्ट शुरू किए जा रहे हैं और उन्हें पूरा भी किया जा रहा है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



