'आप बिहार में रोकोगे, तो हम UP में रोकेंगे...' सुभासपा ने फंसाया एनडीए का पेंच
Arvind Rajbhar: उत्तर प्रदेश में 2027 के चुनावी रणभेरी बजने से पहले ही NDA के भीतर सियासी रार खुलकर सामने आने लगी है. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने ऐसा पासा फेंका है, जिसने गठबंधन के भीतर खलबली मचा दी है. बलिया में युवा मोर्चा के एक कार्यक्रम में पहुंचे सुभासपा के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर ने न सिर्फ दो सीटों पर मुस्लिम उम्मीदवार उतारने की सीधी घोषणा कर दी, बल्कि बीजेपी को दो टूक लहजे में ‘दूसरा विकल्प’ तलाशने की खुली चेतावनी भी दे डाली.
सियासी पंडितों के मुताबिक अरविंद राजभर इस दांव के जरिये NDA के भीतर अपनी पार्टी का जनाधार और सौदेबाजी की ताकत दिखाने की कोशिश की है. उन्होंने मंच से ऐलान किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में सुभासपा डुमरियागंज और शोहरतगढ़ सीटों से अपने मुस्लिम उम्मीदवार उतारेगी. इसके लिए पार्टी ने अपने दो बड़े मुस्लिम चेहरों अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आफताब आलम और प्रदेश अध्यक्ष खुर्शीद आलम के नाम आगे कर दिए हैं.
बिहार के बीजेपी सहयोगियों पर फायर
लेकिन सुभासपा ने अपना असली रूप बिहार के NDA सहयोगियों को लेकर दिखाया. अरविंद राजभर ने बीजेपी को तीखे तेवरों में याद दिलाया कि बिहार में वहां के सहयोगियों ने सुभासपा को गठबंधन का हिस्सा नहीं बनने दिया था, इसलिए अब यूपी में वे भी उन्हें NDA का हिस्सा नहीं बनने देंगे.
ये भी पढ़ें- ‘ब्राह्मण महिलाएं असुरक्षित, मंदिरों में पुजारी करते हैं रेप’, नेहा बोरा के कथित बयान पर बवाल
जदयू और लोजपा यूपी में आजमाएगी किस्मत
बता दें कि, नीतीश कुमार की जेडीयू और चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) यूपी के सियासी मैदान में उतरने की तैयारी में हैं. अरविंद राजभर ने कहा कि अगर बीजेपी ने बिहार के इन दलों को यूपी में एंट्री दी, तो सुभासपा भी अपना अलग रास्ता चुनने से पीछे नहीं हटेगी.
इस पूरे सियासी घटनाक्रम के बीच अरविंद राजभर ने स्वामी प्रसाद मौर्य को लेकर भी बड़ा दांव चल दिया. उन्होंने मौर्य को सुभासपा में आने का खुला न्योता देते हुए कहा कि वे एक बड़े और तजुर्बेकार नेता हैं और पार्टी में उनका पूरा स्वागत है. राजभर ने यहां तक कह दिया कि अगर स्वामी प्रसाद मौर्य साथ आते हैं, तो वे खुद बीजेपी से बातचीत कर उन्हें NDA गठबंधन में शामिल कराने की पुरजोर कोशिश करेंगे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





