दिल्ली-NCR में लगातार बिगड़ती हवा और दमघोंटू प्रदूषण का सीधा असर अब बच्चों की पढ़ाई पर भी दिखने लगा है. जहरीली धुंध की चादर को देखते हुए गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने छोटे बच्चों की सेहत के हित में एक बेहद अहम फैसला लिया है. एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान का तीसरा चरण (GRAP-III) लागू होने के बाद अब नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सभी स्कूलों में कक्षा 5वीं तक की पढ़ाई ‘हाइब्रिड मोड’ (ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों) में कराने का आदेश जारी किया गया है.
अभिभावक खुद करेंगे तय
बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में तकलीफ और गले में खराश जैसी समस्याएं हो रही हैं. डॉक्टरों के मुताबिक, छोटे बच्चों का श्वसन तंत्र और शरीर अभी विकास के दौर में होता है, इसलिए प्रदूषित हवा में बाहर निकलना उनके लिए सबसे ज्यादा खतरनाक साबित हो सकता है.
इसी खतरे को भांपते हुए गौतमबुद्धनगर के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) राहुल पंवार ने स्कूलों के लिए आधिकारिक निर्देश जारी किए हैं. नए आदेश के तहत जिले के सभी सरकारी (परिषदीय), सहायता प्राप्त और प्राइवेट मान्यता प्राप्त स्कूलों में कक्षा पांच तक के छात्रों को तत्काल प्रभाव से हाइब्रिड मोड की सुविधा दी जाएगी. जिन स्कूलों के पास ऑनलाइन क्लास चलाने की व्यवस्था है, उन्हें हर हाल में बच्चों को घर से पढ़ने का विकल्प देना होगा. हालांकि, जो अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजना चाहते हैं, उनके लिए ऑफलाइन कक्षाएं भी पहले की तरह चलती रहेंगी.
आदेश न मानने वाले स्कूलों पर गिरेगी गाज
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि बच्चों की सेहत के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को इस नियम का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी है. यदि कोई स्कूल ऑनलाइन विकल्प देने में आनाकानी करता है या आदेशों की अनदेखी करता है, तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन की इस पहल से न केवल छोटे बच्चे जहरीली हवा से बच सकेंगे, बल्कि उनकी पढ़ाई का नुकसान भी नहीं होगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




