NHAI Motor Insurance Renewal
NHAI Motor Insurance Renewal: अगर आपके मोबाइल पर भी गाड़ी के मोटर इंश्योरेंस की एक्सपायरी या रिन्यूअल को लेकर SMS आ रहा है तो घबराने की जरूरत नहीं है. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने ऐसे मैसेज को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है. प्राधिकरण के मुताबिक, वाहन मालिकों को भेजे जा रहे ये SMS केवल जागरूकता अभियान का हिस्सा हैं. इनका मकसद लोगों को उनकी मोटर इंश्योरेंस पॉलिसी की आखिरी तारीख याद दिलाना और समय पर बीमा रिन्यू कराने के लिए प्रोत्साहित करना है. NHAI ने साफ किया है कि इन मैसेज का टोल प्लाजा पर चालान काटने या जुर्माना लगाने से कोई संबंध नहीं है.
इंश्योरेंस SMS का टोल चालान से नहीं है कोई संबंध
NHAI ने स्पष्ट किया है कि वाहन मालिकों को मिलने वाले इंश्योरेंस रिन्यूअल SMS को लेकर किसी तरह की गलतफहमी नहीं होनी चाहिए. अगर किसी व्यक्ति को उसके वाहन का बीमा खत्म होने या रिन्यू कराने का मैसेज मिलता है, तो इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि टोल प्लाजा पर उसका चालान काटा जाएगा या कोई जुर्माना लगाया जाएगा. ये मैसेज सिर्फ जानकारी देने के उद्देश्य से भेजे जा रहे हैं. ऐसे में वाहन चालकों को इन संदेशों को लेकर बेवजह परेशान होने की जरूरत नहीं है.
चुनिंदा नेशनल हाईवे पर चल रही है पहल की टेस्टिंग
प्राधिकरण के मुताबिक, फिलहाल इस जागरूकता अभियान की टेस्टिंग की जा रही है. इसके तहत चुनिंदा राष्ट्रीय राजमार्गों का इस्तेमाल करने वाले वाहन मालिकों को SMS भेजे जा रहे हैं. इस पहल के जरिए NHAI यह सुनिश्चित करना चाहता है कि वाहन मालिकों को उनके मोटर इंश्योरेंस की एक्सपायरी डेट की जानकारी समय रहते मिल जाए. इससे लोग बीमा खत्म होने से पहले ही उसे रिन्यू करा सकेंगे.
समय पर इंश्योरेंस रिन्यू कराने से क्या होगा फायदा?
मोटर इंश्योरेंस वाहन मालिकों के लिए बेहद जरूरी है. समय पर पॉलिसी रिन्यू कराने से वाहन का बीमा लगातार चालू रहता है और बीमा खत्म होने की वजह से होने वाली परेशानियों से बचा जा सकता है. साथ ही, वैध मोटर इंश्योरेंस रखना सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के लिहाज से भी जरूरी है. NHAI का मानना है कि इस तरह के जागरूकता अभियान से वाहन मालिकों में जिम्मेदारी बढ़ेगी और देश में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



